यम्मी स्पाइसी मामले में,सड़क पर गुंडई के खिलाफ फूटा जन आक्रोश,एक आरोपी दबोचा

पाली रोड विवाद,मेडिकल रिपोर्ट के बाद बढ़ीं गैर-जमानती धाराएं, ससुराल से पकड़ाया हमीद


Junaid Khan - शहडोल। शहर की कानून-व्यवस्था को धता बताकर पाली रोड स्थित होटल के सामने खुलेआम खूनी संघर्ष करने वाले असामाजिक तत्वों पर अब शिकंजा कसना शुरू हो गया है। 26 जुलाई को मामूली बात पर आकाश पाठक और उनके साथियों पर किए गए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी अब्दुल हमीद उर्फ लल्लू खान (पिता बरकत खान, निवासी वार्ड नंबर-3 सोहागपुर) को उसके ससुराल ग्राम पटसी से गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और आम जनता में लचर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा था। जनता का साफ कहना है कि मुख्य मार्ग पर ऐसी घटनाएं कानून का खौफ खत्म होने का प्रमाण हैं। इस मामले में जब पीड़ित पक्ष की गंभीर मेडिकल रिपोर्ट सामने आई, तब जाकर प्रशासन हरकत में आया और दबाव बढ़ने पर 15 से अधिक आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों और होटलों के इर्द-गिर्द असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है, जिस पर स्थानीय पुलिस-प्रशासन को नियमित गश्त और कड़ी निगरानी रखनी चाहिए थी। वाहन का पहिया लगने से पत्थर उछलने जैसी मामूली बात पर जिस तरह से हथियारों और लाठी-डंडों से घेरकर जानलेवा हमला किया गया, उसने सुरक्षा तंत्र की तैयारियों पर सवाल खड़े किए थे। हालांकि, घटना के बाद सोहागपुर थाना प्रभारी व पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी को उसके छिपने के ठिकाने से दबोचने की त्वरित कार्रवाई को जनता ने सराहा है। अब नागरिकों और पीड़ित पक्ष की नजरें जिम्मेदार प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों पर टिकी हैं कि वे मामले में संलिप्त अन्य नामजद 14-15 आरोपियों को कब तक जेल की सलाखों के पीछे भेजते हैं, ताकि शहर में अमन-चैन और कानून का राज कायम रह सके।

Previous Post Next Post