कुंवरसेझा गांव की घटना,माता-पिता काम पर गए थे बाहर, घर में अकेली थी बालिका,पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
Junaid Khan - शहडोल। सोहागपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुंवरसेझा से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक मामला सामने आया है। जहां महज 12 वर्ष की एक मासूम बालिका ने अज्ञात कारणों व पारिवारिक कहासुनी के बाद घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम (पीएम) के लिए भिजवाया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। माता-पिता काम पर गए थे बाहर, घर में अकेली थी अंजली प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुंवरसेझा निवासी लालू सिंह रोज की तरह खेत में काम करने गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी मजदूरी के काम से शहडोल आई हुई थीं। घर पर उनकी बड़ी बेटी अंजली सिंह (12 वर्ष) अकेली थी। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर अंजली ने कमरे के अंदर फांसी का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। रिश्तेदार के पहुंचने पर हुआ घटना का खुलासा घटना के कुछ देर बाद पड़ोस में रहने वाली एक रिश्तेदार किसी काम से घर पहुंची। जब उसने कमरे के भीतर अंजली का शव फंदे से लटकता देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को एकत्रित किया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों द्वारा तत्काल सोहागपुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई। खेत जाने से पहले पिता ने लगाई थी डांट। सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि खेत जाने से पहले अंजली के पिता ने किसी बात को लेकर उसे डांटा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी डांट से क्षुब्ध होकर मासूम ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के विस्तृत बयानों के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है।
