शहर के प्रमुख तिराहों पर बुलेट वाहनों की प्रतिदिन हो रही चेकिंग
Junaid Khan - शहडोल। अनूपपुर शहर में आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात मुहैया कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब (IPS) के निर्देश पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बुलेट दौड़ाने और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। शहर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब प्रमुख तिराहों पर बुलेट वाहनों की प्रतिदिन चेकिंग की जा रही है। महज कुछ दिनों की कार्यवाही के दौरान 13 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही की गई। यातायात पुलिस द्वारा प्रमुख तिराहा सामतपुर, अमरकंटक तिराहा एवं अंडरब्रिज तिराहा पर नियमित रूप से बुलेट वाहनों की जांच की जा रही है। चेकिंग के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले चालकों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों को अपने वाहनों में निर्धारित मानक साइलेंसर का उपयोग करने तथा सड़क पर स्टंटबाजी से बचने की समझाइश दी है। अनूपपुर यातायात पुलिस द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। यातायात पुलिस अनूपपुर।
