वार्ड 29 में सड़क-नाली की समस्याओं का निरीक्षण, प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश

सीएमओ ने चौधरी मोहल्ले का किया मैदानी भ्रमण, मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश


Junaid Khan - शहडोल। 07 सितंबर 2026। नगर के वार्ड क्रमांक 29 में नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने सोमवार को वार्ड का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड पार्षद श्री शक्ति लक्ष्यकार के साथ चौधरी मोहल्ले सहित आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सड़क एवं नाली व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में सड़क एवं नाली से संबंधित विभिन्न समस्याओं से सीएमओ को अवगत कराया। नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़क एवं जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, जिनके निराकरण की आवश्यकता है। नागरिकों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सड़क एवं नाली से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेने के निर्देश दिए। उन्होंने सब इंजीनियर श्री शरद द्विवेदी को क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार आवश्यक कार्यों का प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव तैयार करते समय क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाए तथा नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा के साथ-साथ सुचारु जल निकासी की सुविधा मिल सके। सीएमओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वार्डवासियों से प्राप्त समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद नागरिकों से क्षेत्र की अन्य समस्याओं की जानकारी भी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद श्री शक्ति लक्ष्यकार, मनोनीत पार्षद श्री विनय केवट, निकाय कर्मचारी एवं सब इंजीनियर श्री शरद द्विवेदी सहित वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे। नगर पालिका परिषद द्वारा वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही निरंतर जारी रखने की बात कही गई।

Previous Post Next Post