राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में शहडोल बालिका टीम ने सागर को 42-4 से हराया

बालक वर्ग में भी शहडोल ने सागर को 47-16 से दी शिकस्त, बीटीआई मैदान में भोपाल और जबलपुर की टीमों ने दर्ज की जीत


Junaid Khan - शहडोल। 16 सितम्बर 2026- शहडोल में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय अंडर-17 बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत आज गांधी स्टेडियम एवं बीटीआई मैदान पांडव नगर में विभिन्न रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीमों के लिए बेहतर प्रदर्शन किया। गांधी स्टेडियम में आज का पहला मुकाबला अंडर-17 बालिका वर्ग में शहडोल एवं सागर के मध्य खेला गया। इस मुकाबले में शहडोल की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 42-4 के बड़े अंतर से सागर को पराजित कर जीत दर्ज की। शहडोल की ओर से शुभांशी अग्रवाल, आशी गुप्ता, कृपा गुप्ता, अनुष्का एवं अवनी ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया और टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गांधी स्टेडियम में ही खेले गए दूसरे मुकाबले में शहडोल एवं सागर के बालक वर्ग की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें शहडोल की टीम ने प्रभावी खेल का प्रदर्शन करते हुए 47-16 के स्कोर से जीत दर्ज की। इसी क्रम में मैदान क्रमांक-3 बीटीआई, पांडव नगर में भी बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले खेले गए। पहले मैच में भोपाल एवं ग्वालियर के बालक वर्ग की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें भोपाल ने 71 अंक तथा ग्वालियर ने 56 अंक अर्जित किए। भोपाल ने 71-56 के स्कोर से मुकाबला अपने नाम किया। बीटीआई मैदान में खेले गए दूसरे मुकाबले में जबलपुर एवं ग्वालियर के बालिका वर्ग की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें जबलपुर ने 37 अंक तथा ग्वालियर ने 35 अंक अर्जित किए। जबलपुर ने 37-35 के अंतर से जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न जिलों से पहुंची टीमों के खिलाड़ियों द्वारा उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों का उत्साह एवं खेल भावना देखने को मिल रही है।

Previous Post Next Post