रेलवे प्रशासन की अनदेखी पर मजदूर संघ का हल्लाबोल,स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर CMS बिलासपुर को सौंपा ज्ञापन

कर्मचारियों के हक और स्वास्थ्य के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ ने संभाली कमान, आंदोलन की चेतावनी 


Junaid Khan - शहडोल। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल अंतर्गत रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य के साथ हो रहे खिलवाड़ को लेकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मजदूर संघ (शहडोल) ने रेल प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लंबे समय से शहडोल सब-डिवीजन हॉस्पिटल सहित विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में फैली अव्यवस्थाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी और आपातकालीन सेवाओं की बदहाली पर प्रशासनिक उदासीनता से कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इसी जनहित और कर्मचारी हित के गंभीर मुद्दे को लेकर संघ के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज माननीय मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS), बिलासपुर से मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने दोटूक शब्दों में कहा कि रेल कर्मचारियों के स्वास्थ्य और अधिकारों के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा तथा कर्मचारी हित ही उनके लिए सर्वोपरि है। ज्ञापन में शहडोल सब-डिवीजन हॉस्पिटल को तत्काल सर्वसुविधायुक्त बनाने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्थायी पदस्थापना करने, रनिंग कर्मचारियों के पीएमई (PME) परीक्षण की सुविधा शहडोल में ही उपलब्ध कराने तथा इलाज के नाम पर कर्मचारियों को अनावश्यक बिलासपुर रेफर कर परेशान करने की व्यवस्था पर तुरंत रोक लगाने की कड़ी मांग की गई। इसके अतिरिक्त अस्पताल में जीवन रक्षक दवाइयों और जांच सुविधाओं में व्यापक सुधार, 24 घंटे आपातकालीन व एंबुलेंस सेवा, लॉबी में प्राथमिक चिकित्सा, उमरिया क्षेत्र में लाइन ड्यूटी डॉक्टर एवं फार्मासिस्ट की नियमित व्यवस्था, रेलवे कॉलोनियों में स्वच्छता व मच्छरों के प्रकोप से मुक्ति, बिलासपुर में ईएनटी (ENT) विशेषज्ञ, कोरबा हेल्थ यूनिट में आधुनिक जांच व दंत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा सिक-अनफिट (Sick Unfit) की जटिल प्रक्रिया को सरल करने जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। माननीय मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) महोदय ने मजदूर संघ के इस जनहितकारी और साहसिक कदम को गंभीरता से सुनते हुए सभी समस्याओं के त्वरित निराकरण और आवश्यक कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया। मजदूर संघ के इस संघर्षशील नेतृत्व और कर्मचारी हित में उठाए गए इस साहसिक कदम की सभी रेल कर्मचारियों ने भूरी-भूरी प्रशंसा की है। इस महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मंडल सचिव प्रोम्पी सिंह, जोनल सदस्य अनुज विश्वकर्मा, अभिषेक पांडेय, अजय सिंह राठौर, श्याम सुंदर कोरी, अंकित शुक्ला एवं भगवत सिंह राठौर प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिनके अथक प्रयासों से रेल प्रशासन हरकत में आया है।

Previous Post Next Post