यूआईटी आरजीपीवी शहडोल में उत्साहपूर्वक मनाया गया इंजीनियर्स डे

उद्योग विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से साझा किए अनुभव, तकनीकी ज्ञान एवं करियर को लेकर किया मार्गदर्शन


Junaid Khan - शहडोल। 16 सितंबर 2026- यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूआईटी आरजीपीवी), शहडोल में मंगलवार को इंजीनियर्स डे उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग के व्यापक महत्व, तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक अनुभव, करियर संभावनाओं, नवाचार एवं व्यक्तित्व विकास के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में एसईसीएल के जी.एम. श्री वी.के. जेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए माइनिंग एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग की दैनिक जीवन में उपयोगिता एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग की ये दोनों शाखाएं उद्योग, ऊर्जा, मशीनरी, उत्पादन तथा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान को व्यावहारिक जीवन से जोड़ने तथा अपने-अपने क्षेत्र में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। ओरिएंट पेपर मिल के एचआर श्री सतीश शर्मा ने एयर फोर्स एवं कॉरपोरेट क्षेत्र में अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने करियर के विभिन्न अवसरों, अनुशासन, तकनीकी ज्ञान एवं निरंतर सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने व्यक्तित्व, संचार कौशल एवं प्रोफेशनल स्किल्स का निरंतर विकास करना चाहिए। अमरकंटक ताप विद्युत केंद्र के श्री विजय देव ने इंजीनियरिंग को समाज के विकास से जोड़ते हुए कहा कि इंजीनियर की भूमिका केवल तकनीकी समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि विज्ञान एवं तकनीक का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करना भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस अवसर पर एसईसीएल सोहागपुर के श्री शिवम श्रीवास्तव, श्री अभिषेक साहू एवं श्री संस्कृत साहू ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कॉलेज जीवन में उपलब्ध अवसरों का बेहतर उपयोग करने तथा प्रतियोगी एवं व्यावसायिक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों के अनुभवों एवं मार्गदर्शन को उत्साहपूर्वक सुना। वक्ताओं द्वारा दिए गए व्यावहारिक सुझावों से विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं, कार्य संस्कृति तथा आवश्यक कौशलों की बेहतर समझ प्राप्त हुई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान एवं प्रोफेशनल स्किल्स विकसित करने के लिए प्रेरित किया। संस्था के संचालक डॉ. पंकज जैन ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि इंजीनियर्स डे का आयोजन विद्यार्थियों के लिए तकनीकी ज्ञान, करियर मार्गदर्शन, नवाचार, व्यावहारिक अनुभव एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग के व्यापक महत्व को समझते हुए भविष्य के लिए स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने तथा तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ शिक्षक डॉ. पी.एल. वर्मा सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उद्योग जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए तथा इंजीनियरिंग शिक्षा को वास्तविक जीवन, उद्योग एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ते हुए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

Previous Post Next Post