बैंक की वित्तीय स्थिति पर हुई चर्चा, सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए आमंत्रित किए सुझाव
Junaid Khan - शहडोल। 16 सितंबर 2026-जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित शहडोल में कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल की अध्यक्षता में बैंक की 58वीं वार्षिक साधारण सभा सम्पन्न हुई। साधारण सभा में बैंक की वित्तीय स्थिति के संबंध में उपस्थित बैंक के प्रशासक, कलेक्टर एवं बैंक प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया। इस दौरान बैंक की नीतियों एवं वित्तीय सुधार के लिए बैंक प्रतिनिधियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
साधारण सभा में अध्यक्ष की अनुमति से बैंक के पूर्व संचालक श्री दिवाकर सिंह ने बैंक कर्मचारियों की पदोन्नति, पैक्स के कंप्यूटरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण तथा खाद-बीज के अग्रिम भंडारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बैंक एवं पैक्स की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए इन विषयों पर आवश्यक कार्यवाही किए जाने की आवश्यकता बताई। आगामी रबी सीजन को दृष्टिगत रखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज का अग्रिम भंडारण सुनिश्चित करने तथा पैक्स द्वारा किए जाने वाले दैनिक व्यवसाय को पेपरलेस किए जाने हेतु निर्देशित किया गया। साधारण सभा में बैंक की वित्तीय स्थिति, बैंक की नीतियों, वित्तीय सुधार, पैक्स के कंप्यूटरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित बैंक प्रतिनिधियों द्वारा बैंक की कार्यप्रणाली एवं वित्तीय सुधार के संबंध में सुझाव भी प्रस्तुत किए गए।
