विसर्जन स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें-कमिश्नर

आस्था, श्रद्धा एवं ससम्मान गणेश प्रतिमाओं का करें विसर्जन-कलेक्टर 

कमिश्नर ने दियापीपर एवं नवलपुर विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण


Junaid Khan - शहडोल। 24 सितम्बर 2026 गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को दृष्टिगत रखते हुए कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, आईजी श्री एन. चैत्रा, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने सोन नदी घाट दियापीपर एवं नवलपुर घाट स्थित विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

कमिश्नर ने विसर्जन स्थल पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, गोताखोर, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने बताया कि दियापीपर स्थित विसर्जन स्थल पर मध्यम एवं छोटी आकार की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। यहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, कंट्रोल रूम, 10 गोताखोर, एनडीआरएफ की टीम, बैरिकेडिंग एवं रस्सी सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश देने के लिए एलाउंसिंग की व्यवस्था भी की जा रही है। कलेक्टर ने बताया कि गणेश प्रतिमाओं को लेकर आने वाले वाहनों की सुविधा के लिए मेन रोड से विसर्जन स्थल तक मार्ग के गड्ढों को भरवाया जा रहा है तथा आवश्यकता के अनुसार मार्ग का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे आस्था, श्रद्धा एवं ससम्मान गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें तथा विसर्जन स्थल पर प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दीवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post