13,500 रुपये लेने के बाद भी शादी की फोटो-वीडियो नहीं दीया फोटोग्राफर तो थाने पहुंचा फरियादी

16 हजार रुपये में तय हुई थी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी,शादी के एक साल से अधिक समय बाद भी फोटो-वीडियो नहीं मिलने का आरोप


Junaid Khan - शहडोल। शादी जैसे खास मौके की यादों को तस्वीरों और वीडियो के रूप में संजोकर रखने के लिए लोग फोटोग्राफर की सेवाएं लेते हैं, लेकिन शहडोल में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां शादी के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के बाद भी फरियादी को अब तक उसकी शादी की फोटो और वीडियो नहीं मिल सकी हैं। फरियादी ने फोटोग्राफर पर 13,500 रुपये लेने के बावजूद फोटो और वीडियो उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाते हुए थाना कोतवाली शहडोल में शिकायत दर्ज कराई है। मामला शहडोल शहर के घरौला मोहल्ले से जुड़ा बताया जा रहा है। फरियादी आविद खान, पिता शहीद खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 14/19, घरौला मोहल्ला, हनुमान मंदिर के पीछे, शहडोल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी शादी 21 अप्रैल 2025 को हुई थी। शादी समारोह के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के लिए उन्होंने घरौला मोहल्ला, महाराजा पैलेस के सामने निवासी विवेक उर्फ अंकित सोनी, पिता विष्णु सोनी को बुक किया था।

16 हजार रुपये में हुआ था सौदा

फरियादी के अनुसार, शादी की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के लिए कुल 16 हजार रुपये में बात तय हुई थी। शादी संपन्न होने के बाद फरियादी ने फोटोग्राफर को अलग-अलग समय पर कुल 13,500 रुपये का भुगतान कर दिया। फरियादी का कहना है कि भुगतान करने के बावजूद लंबे समय से उन्हें उनकी शादी की फोटो और वीडियो उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। आविद खान ने अपनी शिकायत में बताया कि शादी के बाद से ही वह लगातार अपनी फोटो और वीडियो लेने के लिए फोटोग्राफर से संपर्क कर रहे हैं। उनका आरोप है कि हर बार उन्हें अलग-अलग कारण बताकर टाल दिया जाता है। कभी कहा जाता है कि फोटो और वीडियो किसी अन्य व्यक्ति के पास हैं और वह बाहर गया हुआ है, तो कभी उसके बीमार होने की बात कही जाती है। इसके अलावा कभी यह बताया जाता है कि संबंधित व्यक्ति अपने ससुराल में है।

बार-बार संपर्क के बाद भी नहीं मिली फोटो-वीडियो

फरियादी का कहना है कि वह कई बार फोटो और वीडियो के संबंध में फोटोग्राफर से संपर्क कर चुके हैं। उनका आरोप है कि उन्हें न तो शादी की फोटो देखने और पसंद करने के लिए बुलाया गया और न ही अब तक तैयार सामग्री उपलब्ध कराई गई। शिकायत में फरियादी ने बताया कि जब उन्होंने फोटोग्राफर के मोबाइल नंबर 7800192780 पर संपर्क किया तो उन्हें कथित तौर पर यह जवाब दिया गया कि अभी समय नहीं है, समय मिलने पर बुलाया जाएगा। फरियादी के मुताबिक, कई बार व्हाट्सऐप के माध्यम से समय भी दिया गया, लेकिन बाद में उस समय पर भी फोटो-वीडियो देने से इनकार कर दिया गया। आविद खान का आरोप है कि कभी उन्हें वीडियो लेने के लिए बुलाने की बात कही जाती है, लेकिन बाद में वीडियो भी उपलब्ध नहीं कराया जाता। लगातार आश्वासन और टालमटोल से परेशान होकर आखिरकार उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने का निर्णय लिया।

पैसे न वापस करने का भी आरोप, फरियादी परेशान

फरियादी के अनुसार, न तो उन्हें शादी की फोटो और वीडियो मिल रहे हैं और न ही उनके द्वारा दिए गए 13,500 रुपये वापस किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि शादी को काफी समय बीत चुका है और इसके बावजूद उन्हें अपने ही विवाह समारोह की तस्वीरें और वीडियो देखने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। फरियादी ने पुलिस को दी शिकायत में पूरे मामले की जानकारी देते हुए संबंधित फोटोग्राफर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि लंबे समय से फोटो और वीडियो के लिए संपर्क करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके कारण उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

1 सितंबर 2026 को थाने में दी शिकायत

मामले को लेकर आविद खान ने 1 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली शहडोल में शिकायत प्रस्तुत की है। शिकायत में उन्होंने फोटोग्राफर द्वारा ली गई रकम,शादी की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी और अब तक सामग्री नहीं मिलने की पूरी जानकारी पुलिस को दी है। किंतु अभी तक मामला जस का तस है।

Previous Post Next Post