सेवा संकल्प से संवरती हरियाली, खाकी का पर्यावरण सरंक्षण को नमन

एसपी संजय अग्रवाल के नेतृत्व में यातायात थाना परिसर बना मिसाल, पुलिस अधिकारियों और जवानों ने रोपे पौधे


Junaid Khan - शहडोल। मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी बेमिसाल उदाहरण पेश किया है। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के पुनीत उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (एसपी) शहडोल श्री संजय अग्रवाल की अगुवाई में थाना यातायात परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कानून व्यवस्था संभालने के साथ-साथ समाज को स्वच्छ और हरित वातावरण देने की दिशा में जिला पुलिस की यह पहल प्रशासनिक संवेदनशीलता और दूरदर्शिता को दर्शाती है। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने स्वयं पौधरोपण कर जिलेवासियों को प्रकृति के प्रति जवाबदेह बनने की प्रेरणा दी।

पर्यावरण संतुलन से ही सुरक्षित होगा भावी भविष्य-एसपी

वृक्षारोपण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री संजय अग्रवाल ने पर्यावरण संतुलन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बढ़ती आबादी और आधुनिकता के इस दौर में वृक्षारोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक पुलिसकर्मी और नागरिक से न केवल अधिक से अधिक पौधे लगाने, बल्कि उनके वृक्ष बनने तक निरंतर देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। एसपी के इस जनहितकारी संदेश और नेतृत्व की चारों तरफ सराहना हो रही है, जिससे पुलिस विभाग की एक जन-मित्र छवि उभरकर सामने आई है।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का सराहनीय योगदान

अभियान को धरातल पर सफल बनाने में थाना यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री अमित विश्वकर्मा, रक्षित निरीक्षक श्री अनिरुद्ध मीना और यातायात पुलिस के समर्पित कर्मचारियों की निष्ठाजनक भूमिका रही। यातायात प्रबंधन में दिन-रात मुस्तैद रहने वाले इन अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर को हरा-भरा बनाने में बढ़-चढ़कर पसीना बहाया। पुलिस विभाग की यह पहल यह साबित करती है कि खाकी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण चेतना जगाने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है। इस प्रकार के आयोजनों से समाज में हरियाली और जन-जागरूकता का एक नया संदेश प्रसारित हुआ है।

Previous Post Next Post