आर्थिक अपराधियों पर पुलिस की कड़ाकेदार कार्रवाई,फर्जी चिटफंड कंपनियों पर कसेगी नकेल

एसपी की पहल से अब सुरक्षित होगी आम जनता की गाढ़ी कमाई, पुलिस और वित्तीय संस्थाओं के बीच बनेगा मजबूत समन्वय 


Junaid Khan - शहडोल। आम जनता के पसीने की कमाई को दोगुना करने का लालच देकर ठगने वाली फर्जी और अनधिकृत चिटफंड कंपनियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन एवं मध्य प्रदेश सरकार ने कमर कस ली है। संभागीय मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक डाॅ. संजय अग्रवाल के कुशल नेतृत्व में वित्तीय सुरक्षा को लेकर एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं निर्णायक सामूहिक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिले में संचालित समस्त बैंकों, फाइनेंस कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के उच्चाधिकारी, मैनेजर तथा एरिया हेड शामिल हुए। बैठक के दौरान एसपी ने दोटूक शब्दों में चेतावनी दी कि बिना वैध आरबीआई (RBI) अनुमति और मान्यता के जनता को फिक्स्ड डिपॉजिट व अन्य लुभावने माध्यमों से छलने वाली फर्जी कंपनियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी अनधिकृत बैंकिंग सोसायटियों और फर्जी चिटफंड कंपनियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली गई है, जिससे फर्जीवाड़ा करने वालों में हड़कंप मच गया है।

समन्वय और सजगता से रुकेगी वित्तीय धोखाधड़ी, जिम्मेदार अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश पुलिस अधीक्षक डाॅ. संजय अग्रवाल ने वित्तीय संस्थानों और पुलिस प्रशासन के बीच सीधे व बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया ताकि धोखाधड़ी की घटनाओं पर त्वरित व प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। बैठक में विभिन्न वित्तीय संस्थाओं की कार्यप्रणाली, नियमावली, उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा तथा वर्तमान में आ रही व्यवहारिक समस्याओं पर विस्तृत संवाद हुआ। एसपी ने स्पष्ट किया कि ग्राहकों को वित्तीय मामलों में जागरूक करना और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाना हर संस्थान की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। इस दूरदर्शी पहल के तहत सोहागपुर एवं शहडोल कोतवाली थाना प्रभारियों सहित अन्य जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को भी चौकस रहने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। शासन व पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्यशैली की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है।

Previous Post Next Post