श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ कर रहे गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन दियापीपर एवं नवलपुर विसर्जन स्थलों पर प्रशासन, पुलिस एवं तैराकों की टीम तैनात
Junaid Khan - शहडोल। 25 सितम्बर 2026 णेश प्रतिमाओं के सुरक्षित एवं व्यवस्थित विसर्जन के लिए जिला प्रशासन द्वारा जिले में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निर्धारित विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। सोन नदी के दियापीपर एवं नवलपुर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था की गई है। दोनों विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए एसडीएम, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस बल तथा तैराकों की टीम तैनात की गई है। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी विसर्जन स्थल पर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही विसर्जन स्थलों पर कंट्रोल रूम, उद्घोषणा कक्ष एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। उद्घोषणा के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन करें तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की आस्था एवं भावनाओं का सम्मान करते हुए सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
