ग्राहकों को असुविधा से बचाने रविवार 27 सितम्बर को खुलेंगी सभी बैंक शाखाएं

28 से 30 सितम्बर तक प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के दौरान वैकल्पिक माध्यमों से बैंकिंग सेवाएं रहेंगी उपलब्ध


Junaid Khan - शहडोल। 25 सितम्बर 2026- बैंक यूनियनों द्वारा 28, 29 एवं 30 सितम्बर 2026 को राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। हड़ताल के कारण उक्त अवधि में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए ग्राहकों को असुविधा से बचाने के लिए विभिन्न वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। लीड बैंक प्रबंधक श्री अमित चौरसिया ने बताया कि ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 27 सितम्बर 2026, रविवार को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी। उन्होंने बताया कि हड़ताल अवधि के दौरान भी ग्राहकों को अधिक सुविधाजनक एवं निरंतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल माध्यमों सहित विभिन्न वैकल्पिक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि ग्राहक यूपीआई, आईएमपीएस, आरटीजीएस एवं नेट बैंकिंग के माध्यम से 24 घंटे कहीं से भी भुगतान एवं धनराशि हस्तांतरण कर सकेंगे। इसके साथ ही मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग एवं व्हाट्सऐप बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाओं का भी उपयोग किया जा सकता है। श्री चौरसिया ने बताया कि 28 से 30 सितम्बर 2026 तक देश के किसी भी बैंक के एटीएम के माध्यम से किए जाने वाले लेन-देन पर एटीएम शुल्क नहीं लिया जाएगा। ग्राहक आवश्यकता के अनुसार किसी भी बैंक के एटीएम का उपयोग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के ग्राहकों के लिए बिजनेस कोरेस्पॉन्डेंट (बीसी) नेटवर्क के माध्यम से भी आवश्यक बैंकिंग सेवाओं का लाभ लेने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। लीड बैंक प्रबंधक ने ग्राहकों से अपील की है कि हड़ताल की संभावित अवधि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बैंकिंग कार्य सुविधानुसार 27 सितम्बर को बैंक शाखाओं में जाकर अथवा डिजिटल बैंकिंग माध्यमों से समय पर पूरा करें। बैंकिंग सेवाओं को सुगम एवं सुविधाजनक बनाए रखने के लिए सभी संबंधित बैंक आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

Previous Post Next Post