कालरी प्रबंधन की तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस का एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन,सौंपा ज्ञापन
Junaid Khan - शहडोल। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी की विशेष उपस्थिति तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खैरहा के अध्यक्ष अभिषेक द्विवेदी एवं करकटी मंडलम अध्यक्ष प्रभात शुक्ला के नेतृत्व में राजेंद्रा यूजी माइंस में कालरी प्रबंधन की कथित मनमानी, ठेकेदारों द्वारा श्रमिकों के शोषण, सड़कों की बदहाल व्यवस्था, क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक एवं मंडलम कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के नागरिकों ने सहभागिता कर स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कालरी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता और श्रमिक लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कोयला खनन से जुड़े क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के हितों की अनदेखी, ठेका श्रमिकों के साथ कथित शोषण, स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलना तथा सड़कों की जर्जर स्थिति से आमजन को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने इन समस्याओं के निराकरण के लिए प्रबंधन से ठोस एवं समयबद्ध कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि कालरी क्षेत्र के विकास और श्रमिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस पार्टी लगातार आवाज उठाती रही है। क्षेत्र के श्रमिकों, युवाओं और आम नागरिकों की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। प्रबंधन को अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाते हुए श्रमिकों के हितों की रक्षा, स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर, सड़कों की मरम्मत तथा क्षेत्रीय विकास कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने प्रबंधन को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेखित मांगों पर 15 दिवस के भीतर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर और अधिक आक्रामक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। धरना-प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर कालरी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में श्रमिक हितों की रक्षा, ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कथित शोषण की जांच एवं निराकरण, सड़कों की मरम्मत, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता तथा क्षेत्रीय विकास कार्यों को गति देने सहित अन्य मांगें शामिल रहीं। उक्त जानकारी जिला काँग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला ने प्रदान की। कार्यक्रम मे मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ,प्रदेश कांग्रेस के सयुंक सचिव प्रदीप सिंह, जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष राजीव शर्मा , ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक द्विवेदी, मंडलम अध्यक्ष प्रभात शुक्ला,नगर अध्यक्ष मो. साबिर ,हर्ष पाठक, जवाहर राव, पवन सोनी, रामकृष्ण चौरसिया, मंडलम अध्यक्ष बांकेबिहारी मिश्रा,मो. असफाक, वीरेंद्र सिंह, मो. अख़्तर, बिहारीलाल साहू, फागुलाल, राहुल मिश्रा, अफताफ गोलू, वाशिम खान सोमू, हर्षित द्विवेदी, सचिन द्विवेदी, अनिल सोनी, एवं सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस के साथीगण तथा क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
