इंदिरा चौक-न्यू बस स्टैंड मार्ग के निर्माण कार्य में आई तेजी

निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने दिए तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश



Junaid Khan - शहडोल। 22 सितंबर 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल द्वारा शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने एवं विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में लगातार स्थल निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी के निर्देशानुसार इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड मार्ग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग की सड़क की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था तथा आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों से भी चर्चा कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई। जिला कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देश एव मार्गदर्शन के साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने संबंधित अधिकारियों, इंजीनियर एवं ठेकेदार को आवश्यक सुधारात्मक एवं निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए तथा कार्य के दौरान नागरिकों के आवागमन में कम से कम असुविधा हो। निर्देशों के तत्काल पालन में मौके पर ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करा दिया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सड़क और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई एवं व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की प्राथमिकता है। सड़क, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार सुधारात्मक कार्य लगातार कराए जाएंगे, ताकि नागरिकों को सुगम आवागमन एवं बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नगर पालिका परिषद द्वारा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा एवं स्थल निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर नजर रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान उपयंत्री पुनीत त्रिपाठी, शरद द्विवेदी, विद्युत विभाग से रंजीत खैरवार, संबंधित ठेकेदार, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post