सोशल मीडिया पर अश्लीलता और हुड़दंग फैलाने वालों पर शिकंजा,पुलिस की त्वरित कार्रवाई से थमा कानून-व्यवस्था का संकट

बुढ़ार पुलिस व प्रशासन की मुस्तैदी से बेनकाब हुए 4 आरोपी,साइबर निगरानी और सख्त कदम ने बढ़ाई आमजन में सुरक्षा की भावना 


Junaid Khan - शहडोल। साइबर स्पेस में सख्ती पुलिस प्रशासन का कड़ा रुख, डिजिटल दुनिया में अराजकता फैलाने वाले शिकंजे में साइबर अपराध और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के दुरुपयोग पर लगाम लगाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता एक बार फिर धरातल पर रंग लाती दिखाई दी है। साइबर दुनिया में फॉलोअर्स, 'लाइक्स' और 'व्यूज' की अंधी दौड़ में सामाजिक मर्यादाओं को तार-तार करने वाले अराजक तत्वों पर बुढ़ार पुलिस ने करारा प्रहार किया है। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, अश्लील और भड़काऊ सामग्री वायरल कर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने तथा शांति-व्यवस्था को चुनौती देने का दुसाहस करने वाले चार युवकों को पुलिस प्रशासन ने त्वरित एक्शन लेते हुए धर दबोचा। पुलिस की इस तत्परता, साइबर निगरानी और मुस्तैदी की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। इस प्रभावी कार्रवाई ने न केवल असामाजिक तत्वों के हौसले पस्त किए हैं, बल्कि शासन-प्रशासन के प्रति आम जनता के विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया है। त्वरित घेराबंदी से सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी: थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने किया मुस्तैद प्रहार मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रजनीश तिवारी के कुशल नेतृत्व में पुलिस बल ने फौरन योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरहुली के पास बस स्टैंड पर सरेआम गाली-गलौज और हुड़दंग मचाते हुए अश्लील व आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा था। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ग्राम बिरहुली निवासी सुमित केवट (23 वर्ष), सत्यम केवट (19 वर्ष), किशन केवट (28 वर्ष) और राहुल केवट (23 वर्ष) को रंगे हाथों धर दबोचा। बुढ़ार पुलिस और जिम्मेदार अधिकारियों की इस सटीक रणनीति से क्षेत्र में किसी भी सम्भावित अशांति या सौहार्द बिगड़ने की आशंका पूरी तरह से खत्म हो गई।

प्रशासन की दोटूक चेतावनी: सोशल मीडिया पर रखी जा रही पैनी नजर, उल्लंघन करने वालों पर होगी कठोर कानूनी कार्रवाई शासन और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को गुंडागर्दी या अश्लीलता फैलाने का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल स्पेस का इस्तेमाल करने वालों से जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की है। पुलिस प्रशासन की ओर से सख्त लहजे में चेतावनी जारी की गई है कि किसी भी प्रकार की अश्लील, भड़काऊ, विवादास्पद या आपत्तिजनक सामग्री को पोस्ट, लाइक या शेयर करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया निगरानी सेल लगातार हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है और भविष्य में भी ऐसा कृत्य करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post