कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश 


Junaid Khan - शहडोल। 22 सितम्बर 2026 कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति श्री पार्थ जायसवाल की अध्यक्षता में 21 सितम्बर 2026 को महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जिला पोषण एवं स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों विभागों द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी गतिविधियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने निर्देश दिए कि कृमिमुक्ति अभियान 6 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ किया जा रहा है। अभियान का संचालन स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से जिले के समस्त आंगनवाड़ी केन्द्रों पर किया जाए। अभियान के सफल संचालन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों को स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ के साथ समन्वय स्थापित कर गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं की सूची तैयार करने तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने तथा होम डिलीवरी को रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही एवं जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों के आधार पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों से संबंधित शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उन्हें सुगमता से उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य स्तर में सुधार के लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों पर नियमित रूप से बच्चों की पहचान एवं स्वास्थ्य-पोषण संबंधी गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कुपोषित एवं अति गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान एवं पंजीयन कर आवश्यकतानुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराने के निर्देश दिए, ताकि उनके पोषण एवं स्वास्थ्य स्तर में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने दोनों विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शासन की योजनाओं एवं अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अखिलेश मिश्रा सहित महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post