महाकाल की भक्ति और पुलिस की तत्परता,लापता छात्र को सकुशल ढूंढकर परिजनों को सौंपा

जैतपुर पुलिस व जिला प्रशासन के त्वरित एक्शन से बैतूल में मिला 10वीं का छात्र,जनता ने पुलिस प्रणाली की सराहना की


Junaid Khan - शहडोल। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में आस्था, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सतर्कता से जुड़ा एक अनूठा मामला सामने आया है, जहाँ आस्था के आवेग में स्कूल जाने का बहाना बनाकर निकले 16 वर्षीय किशोर को शहडोल पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अंतरराज्यीय समन्वय के चलते सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना 20 अगस्त की बताई जा रही है, जब कक्षा 10वीं का यह छात्र रोज़ की तरह स्कूली बैग लेकर घर से निकला, लेकिन स्कूल जाने के बजाय जैतपुर बस स्टैंड पहुँच गया। वहाँ से बस द्वारा शहडोल स्टेशन पहुँचकर बालक नर्मदा एक्सप्रेस में सवार हो गया और सीधे उज्जैन में बाबा महाकाल के पावन दर्शन करने पहुँच गया। शाम तक जब छात्र घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने स्कूल में पूछताछ की। जहाँ उसके गैरहाजिर होने की जानकारी मिलते ही परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई और उन्होंने बिना देर किए जैतपुर पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन एवं जिला पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। सायबर सेल और तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस को किशोर के बैतूल जिले में होने की सटीक लोकेशन मिली। पूछताछ में बालक ने बताया कि सावन माह में महाकाल दर्शन की तीव्र प्रबल इच्छा के कारण उसने पिता से मिलने वाले खर्च के पैसों में से कुछ राशि बचा रखी थी और उसी से वह अकेला निकल पड़ा था। उज्जैन में दर्शन के उपरांत वह देवास स्थित अपने जीजा के घर जाने के लिए निकला, परंतु अनजाने में गलत ट्रेन में बैठकर बड़ोदरा (गुजरात) पहुँच गया। इसके बाद उसने किसी अन्य यात्री के मोबाइल से संपर्क किया, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन ट्रैक करने में सफलता मिली। बैतूल से बालक को सकुशल दस्तयाब कर जब जैतपुर पुलिस परिजनों के सामने लेकर पहुँची, तो पूरे परिवार की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। जनता ने पुलिस विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों के इस मुस्तैद रवैये और संवेदनशीलता की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए मध्य प्रदेश शासन की त्वरित कानून-व्यवस्था पर गहरा आभार व्यक्त किया है।

Previous Post Next Post