आंगन मिलन सेवा अभियान का शुभारंभ,बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष जोर
Junaid Khan - शहडोल। 26 सितंबर 2026 मध्यप्रदेश शासन के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान का शुभारंभ शनिवार को शहडोल जिले में उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्रीमती मिनीषा सिंह, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अखिलेश मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही। अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही माताओं एवं महिलाओं से संवाद कर उन्हें स्वास्थ्य, पोषण तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। गर्भवती एवं धात्री माताओं को संतुलित आहार, शिशु देखभाल तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक सलाह भी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को सम्मानित किया गया। वहीं आंगनवाड़ी केंद्रों पर जमीनी स्तर पर सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का भी सम्मान किया गया। अतिथियों ने आंगनवाड़ी केंद्रों को सेवा, पोषण एवं जनसहभागिता के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। अतिथियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान समुदाय और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सहायक होगा। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में जिले के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण जागरूकता, हितग्राही संवाद तथा शासन की योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने सहित विभिन्न गतिविधियों का निरंतर आयोजन किया जाएगा।
