17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले में चलेगा मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने कमिश्नर-कलेक्टरों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। 02 सितम्बर 2026- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कमिश्नर्स एवं कलेक्टर्स से संवाद कर मुख्यमंत्री सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों एवं आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में राज्य स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस से होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि कलेक्टर अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों का तिथिवार कार्यक्रम तैयार कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। अभियान में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा समाज के सभी वर्गों और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रत्येक गतिविधि के लिए पृथक नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा कमिश्नर्स को अभियान की निरंतर मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अभियान के दौरान प्रमुख नदियों एवं उनके घाटों की स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाने तथा घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान उन्होंने जन विश्वास पोर्टल का शुभारंभ भी किया। उपलब्धियों और विकास कार्यों को डिजिटल माध्यमों से करें प्रदर्शित। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान अवधि में कई प्रमुख त्योहारों के साथ जन विश्वास अभियान के चार शिविर भी आयोजित होंगे। सभी विभाग आपसी समन्वय से इन गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराएं। उन्होंने जिलों में हुए उल्लेखनीय कार्यों, महत्वपूर्ण निर्माण परियोजनाओं तथा विकास कार्यों से नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सोशल मीडिया एवं अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद कर उनकी सफलता की कहानी, फोटो एवं वीडियो बाइट सोशल मीडिया पर साझा की जाएं। इन गतिविधियों का प्रदेश स्तर पर डिजिटल डेटा भी संकलित किया जाएगा। अभियान के दौरान योजनाओं से लाभान्वित हितग्राही अपने घरों में आशीर्वाद का दीपक जलाएंगे। इसके अलावा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, नदी घाटों एवं विकास के प्रतीकों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं
मुख्यमंत्री ने विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों के बीच भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए। उत्कृष्ट पेंटिंग्स की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। संस्कृति विभाग द्वारा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से शासन की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनकी उपलब्धियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। गांधी जयंती के अवसर पर सभी जिला मुख्यालयों में नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आंगनवाड़ी केन्द्रों में 25 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक होगा आंगन का उत्सव। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में बताया गया कि प्रदेश के प्रत्येक आंगनवाड़ी केन्द्र में 25 सितम्बर से 7 अक्टूबर तक आंगन का उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बच्चों एवं महिलाओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियां होंगी। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान करने के साथ महिलाओं से संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जनसम्पर्क विभाग द्वारा अभियान के दौरान सोशल मीडिया, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव की प्रेरक कहानियों को सामने लाया जाएगा। बांध, नहर, हाईवे, अस्पताल, औद्योगिक संस्थान एवं एयरपोर्ट सहित बड़े विकास कार्यों से आमजन को मिले लाभ और जीवन में आए परिवर्तन को भी विभिन्न प्रचार माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। निर्धारित रूट पर निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा। अभियान के अंतर्गत निर्धारित मार्ग पर सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। विशाल रंगोली, मानव रंगोली सहित विभिन्न रचनात्मक माध्यमों से प्रदेश के विकास एवं उपलब्धियों की गाथा प्रस्तुत की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को दिल्ली में पंचायत से संसद तक के जनसेवकों का महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के संबंध में जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी केन्द्र से कमिश्नर शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, श्रीमती मिनीषा पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
