युवा कांग्रेस के उग्र विरोध और जनता के आक्रोश के बाद भी जिम्मेदार मौन,सांसद, विधायक, अध्यक्ष व सीएमओ की अनदेखी से गहराया संकट
Junaid Khan - शहडोल। जिला मुख्यालय स्थित उत्कृष्ट विद्यालय रघुराज क्रमांक 2 के ठीक मुख्य द्वार के समीप खुला पड़ा नाला अब किसी बड़े हादसे और मासूम विद्यार्थियों की जान का दुश्मन बन चुका है। रोजाना सैकड़ों विद्यार्थी इसी जानलेवा रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं, लेकिन शासन-प्रशासन से लेकर नगर पालिका का तंत्र पूरी तरह से कुंभकर्णी नींद में सो रहा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, क्षेत्रीय सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) की इस घोर लापरवाही और उदासीनता पर स्थानीय नागरिकों का गुस्सा अब फूट पड़ा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जनप्रतिनिधियों और निकम्मे प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है, जिसकी क्षेत्र की जनता दिल खोलकर सराहना कर रही है। आम जनता का स्पष्ट कहना है कि जब जिम्मेदार नेता और अधिकारी एसी कमरों में बैठकर अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ चुके हैं, ऐसे समय में युवाओं का यह सड़क पर उतरकर किया गया संघर्ष बेहद सराहनीय और जनहित में उठाया गया बड़ा कदम है।
बरसात में नाला बनता है जलमग्न दलदल,मंडरा रहा हादसे का खतरा
स्कूल गेट के ठीक सामने की स्थिति इतनी भयावह है कि हल्की सी बरसात होते ही नालियां पूरी तरह जाम हो जाती हैं और गंदा पानी सड़कों पर उफान मारने लगता है। कचरे का अंबार और लबालब भरे पानी के कारण विद्यार्थियों को यह अंदाजा ही नहीं हो पाता कि रास्ता कहां है और खुला हुआ खूनी नाला कहां। आते-जाते समय ध्यान न रहने के कारण आए दिन छात्र-छात्राएं इस नाले में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा आसपास खुले में खड़े होकर निस्तार करने वालों और गंदगी के कारण स्कूल जाने वाली छात्राओं को भारी शर्मिंदगी और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। इतने गंभीर विषय पर नगर पालिका के स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता निरीक्षकों और संबंधित इंजीनियरों की अनदेखी यह साफ दर्शाती है कि उन्हें मासूम बच्चों की सुरक्षा की जरा भी परवाह नहीं है।
जनता की चेतावनी,तुरंत ढका जाए नाला,वरना उखड़ेगी सत्ता की नींव
मामले को लेकर जन-आक्रोश चरम पर है। स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और युवा संगठन ने शासन-प्रशासन व नगर पालिका परिषद को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि स्कूल गेट के पास स्थित नाले के इस खुले हिस्से को तत्काल सीमेंटेड स्लैब से बंद नहीं कराया गया और साफ-सफाई की पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई, तो यह आंदोलन और अधिक उग्र रूप धारण करेगा। जनता का कहना है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े दावे करने वाले नेता और भारी-भरकम वेतन उठाने वाले जिम्मेदार अधिकारी यदि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं, तो जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। अब देखना यह होगा कि युवा कांग्रेस के इस जनहितैषी प्रदर्शन और उबलते जन-आक्रोश के बाद सोया हुआ नगर पालिका प्रशासन अपनी नींद से जागता है या फिर किसी मासूम की बलि चढ़ने का इंतजार करता है।
