शहडोल एवं अनूपपुर सेक्शन में चले विशेष नाका चेकिंग अभियान में 274 मामलों में वसूला 2.47 लाख से अधिक का जुर्माना,नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी
Junaid Khan - शहडोल। भारतीय रेलवे द्वारा यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से बिलासपुर मंडल के शहडोल स्टेशन एवं शहडोल-अनूपपुर सेक्शन में विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) अनुराग कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित इस सघन चेकिंग अभियान से बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले तत्वों में हड़कंप मच गया। वाणिज्य निरीक्षक, मुख्य टिकट निरीक्षक (CTI) एवं टीटीई स्टाफ की मुस्तैद टीमों ने क्षेत्र से गुजरने वाली 05 प्रमुख ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर किलाबंदी कर हर एक संदिग्ध यात्री के टिकटों की बारीकी से जांच की। इस सराहनीय और मुस्तैद कार्रवाई के परिणामस्वरूप कुल 274 मामलों में नियमानुसार ₹2,47,535 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना वसूल कर रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। निष्ठावान अधिकारियों और जांबाज रेल कर्मचारियों की इस संयुक्त मेहनत ने यह साबित कर दिया है कि नियम कायदों को ठेंगा दिखाने वालों के खिलाफ रेल प्रशासन पूरी तरह से 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रहा है।
अवैध यात्रा करने वालों पर कसेगा शिकंजा,जिम्मेदार अधिकारियों ने दी कड़ी चेतावनी
इस व्यापक अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा (Without Ticket Travel) के 269 मामले दर्ज किए गए, जिनसे ₹2,43,985 रुपये का अर्थदंड वसूला गया, जबकि अनधिकृत श्रेणी या नियमों के विपरीत यात्रा करने के 05 मामलों में ₹3,550 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वाणिज्य विभाग और सुरक्षा बल की इस पारदर्शी एवं अनुशासित कार्यशैली की आम जनमानस और जागरूक यात्रियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है। मामले की गंभीरता और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए रेल प्रशासन एवं जिम्मेदार अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि रेलवे परिसरों एवं ट्रेनों में अनधिकृत प्रवेश, बिना प्लेटफार्म टिकट घूमना अथवा नियमविरुद्ध यात्रा करना दंडनीय अपराध है। ऐसे अनैतिक और अवैध कृत्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में और भी अधिक दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेल प्रशासन ने आम जनता से पुरजोर अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पूर्व उचित एवं वैध रेल टिकट अवश्य खरीदें तथा स्टेशन परिसर में प्रवेश हेतु प्लेटफार्म टिकट लेकर ही रेलवे की सुविधाओं का सम्मानपूर्वक लाभ उठाएं।
