25 अक्टूबर तक अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ें- कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल
Junaid Khan - शहडोल। 16 अक्टूबर 2026- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित शहडोल दौरे के मद्देनजर कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में दायित्व सौंपे हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित बाणगंगा मैदान में किया जाएगा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को बाणगंगा मैदान का समतलीकरण कराने, प्रदर्शनी की व्यवस्था करने, हितग्राहियों को हितलाभ वितरण की तैयारियां करने तथा लोकार्पण एवं शिलान्यास के लिए प्रस्तावित कार्यों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने हैलीपैड तथा हैलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि 25 अक्टूबर तक कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़े। उन्होंने विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समयपूर्व तैयारी सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, वनमंडलाधिकारी सुश्री श्रद्धा पेंद्रो, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

