शहडोल के पाँच खिलाड़ियों का 36वीं सीनियर सेपकटकरा राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन

राम किशोर चौरसिया को मध्य प्रदेश टीम का कोच नियुक्त किया गया


Junaid Khan - शहडोल। जिले के खेल जगत के लिए गौरव की बात है कि शहडोल के पाँच प्रतिभाशाली खिलाड़ियों वेदांत मिश्रा, अभय तिवारी, अभिनव सिंह, प्रेरणा रैगर एवं ऋषिका वर्मा का चयन 36वीं सीनियर सेपकटकरा राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों एवं खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय स्तर की यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक इंटरनेशनल स्टेडियम, खेलगांव, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में आयोजित की जाएगी। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी चयनित खिलाड़ी शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, शहडोल में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान हासिल किया है। प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत 10 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक प्री-नेशनल प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें खिलाड़ियों ने अपनी तकनीक, खेल कौशल और प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए कड़ा अभ्यास किया।

राम किशोर चौरसिया को मिली मध्य प्रदेश टीम की जिम्मेदारी

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शहडोल जिला सेपकटकरा एसोसिएशन के सचिव एवं राष्ट्रीय कोच राम किशोर चौरसिया को मध्य प्रदेश टीम का कोच नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है और इससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राम किशोर चौरसिया ने कहा कि जिले के पाँच खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे शहडोल जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शहडोल जिले और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने के लिए शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के संचालक श्री राजन शर्मा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर श्री कमलकांत साहू, श्री अजय सौंधिया, श्री दयानंद सौंधिया तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने जिला सेपकटकरा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अंकुर श्रीवास्तव एवं उपाध्यक्ष श्री प्रमोद विश्वकर्मा को उनके सहयोग और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। राम किशोर चौरसिया ने कहा कि विद्यालय प्रबंधन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला सेपकटकरा एसोसिएशन के पदाधिकारियों के निरंतर सहयोग से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। यह उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। शहडोल जिला सेपकटकरा एसोसिएशन की ओर से सभी चयनित खिलाड़ियों एवं मध्य प्रदेश टीम को हार्दिक बधाई और राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए अग्रिम शुभकामनाएँ।

Previous Post Next Post