प्रशासनिक कसावट,कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद, ब्योहारी से लेकर कोतवाली तक बदले गए चेहरे
Junaid Khan - शहडोल। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और प्रशासनिक कमान को सख्त करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल (भा.पु.से.) ने तत्काल प्रभाव से प्रशासनिक दृष्टि से बड़ा फेरबदल करते हुए 15 पुलिस कर्मचारियों के नवीन पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद से ही जिले के विभिन्न थानों एवं पुलिस चौकियों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है। एसपी द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई को पुलिस महकमे में कसावट लाने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के रूप में देखा जा रहा है। जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि सभी कर्मचारियों को अस्थाई रूप से अग्रिम आदेश तक नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल प्रभाव से पदस्थ किया जाता है।
पुराने आदेशों में संशोधन के साथ बड़े थानों में नई तैनाती
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश क्रमांक/पुअ0/शह0/स्था0/ पी-141 /2026 के अनुसार, पूर्व में जारी किए गए आदेशों में आंशिक संशोधन करते हुए यह नया फेरबदल किया गया है। आदेश के तहत उप निरीक्षक बालकरण प्रजापति को थाना ब्योहारी से थाना कोतवाली स्थानांतरित किया गया है, वहीं कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक विनोद सिंह को रक्षित केन्द्र से थाना ब्योहारी भेजा गया है। इसके अलावा सहायक उप निरीक्षक मो. शफी को थाना सीधी से थाना गोहपारू की कमान सौंपी गई है। प्रधान आरक्षकों में देवेन्द्र कश्यप और रामनिवास पाण्डेय को ब्योहारी से थाना यातायात की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। वहीं चौकी झींकबिजुरी और थाना ब्योहारी में लंबे समय से जमे आरक्षकों व प्रधान आरक्षकों को देवलोंद, गोहपारू, अमलाई और सोहागपुर जैसे संवेदनशील इलाकों में भेजा गया है।
सुस्त पुलिसिंग पर सख्त तेवर, बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
अंचल में लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और ढीली पड़ती पुलिसिंग को लेकर पुलिस कप्तान डॉ. संजय अग्रवाल लगातार सख्त रुख अपना रहे हैं। जानकारों का मानना है कि जिन पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है, उनमें से कई लंबे समय से एक ही स्थान पर डटे हुए थे, जिससे मैदानी कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही थी। इस प्रशासनिक सर्जरी के जरिए एसपी ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि काम में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिला आरक्षक मंजू साहू को थाना खैरहा से सोहागपुर स्थानांतरित किया गया है, जिससे थानों में महिला संबंधी अपराधों के निराकरण में तेजी आने की संभावना है। जिला पुलिस प्रशासन के इस फैसले की जहां एक ओर आम जनता में तारीफ हो रही है, वहीं दूसरी ओर महकमे के भीतर हलचल तेज है।
स्थानांतरण सूची पर एक नज़र
उप निरीक्षक (उनि.) बालकरण प्रजापति (थाना ब्योहारी से थाना कोतवाली) कार्य.सउनि.विनोद सिंह (रक्षित केन्द्र से थाना ब्योहारी) सउनि. मो. शफी (थाना सीधी से थाना गोहपारू) प्रधान आरक्षक (प्र.आर.) देवेन्द्र कश्यप (467) थाना ब्योहारी से थाना यातायात,रामनिवास पाण्डेय (535) थाना ब्योहारी से थाना यातायात,दिनेश शुक्ला (461) चौकी झींकबिजुरी से थाना देवलोंद,सुनील शुक्ला (197) चौकी झींकबिजुरी से थाना गोहपारू,रणबहादुर सिंह (127) थाना ब्योहारी से थाना गोहपारू,आरक्षक (आर. / म.आर.) नरेन्द्र कुमार यादव (727) थाना सीधी से थाना कोतवाली,मंजू साहू (म.आर. 759) - थाना खैरहा से थाना सोहागपुर,चित्रांशु शुक्ला (706) - चौकी झींकबिजुरी से थाना ब्योहारी,सुभाष बैगा (626) थाना जैतपुर से थाना सीधी,कृष्णानंद यादव (605) थाना जैतपुर से थाना सीधी,मोनू शर्मा (360) थाना गोहपारू से थाना जयसिंहनगर,धर्मेन्द्र शुक्ला (613) थाना ब्योहारी से थाना अमलाई।।

