ऑनलाइन भुगतान न होने पर दबंगों ने युवक को पीटा, सिर फोड़ा: पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

ददरा टोला पचड़ी में दुकान पर ट्रांजैक्शन फेल होने पर हुआ विवाद, चार आरोपियों पर मामला दर्ज


Junaid Khan - शहडोल। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती कोतवाली थाना अंतर्गत ददरा टोला पचड़ी क्षेत्र में बीते मंगलवार की रात मामूली लेनदेन को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पीड़ित युवक दुकान पर सामान खरीदने के बाद ऑनलाइन भुगतान (UPI) कर रहा था, लेकिन नेटवर्क समस्या के कारण ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हो सका। इसके बाद युवक ने ईमानदारी दिखाते हुए अपना मोबाइल दुकान पर गिरवी रखने की बात कही, ताकि अगली सुबह पैसे देकर मोबाइल वापस ले सके। हालांकि, इसी दौरान वहां पहुंचे गांव के दबंगों ने न केवल विवाद खड़ा किया, बल्कि युवक को सड़क पर पटककर डंडे और लात-घूसों से बेरहमी से पीट दिया।

ऑनलाइन पेमेंट अटका, तो ईमानदारी पड़ी भारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी सोनू सिंह मार्को (29 वर्ष), निवासी ददरा टोला पचड़ी, रात करीब 8:30 बजे अपने भांजे जितेंद्र सिंह मार्को के साथ गांव के ही माखन सिंह गोंड़ की दुकान पर सामान लेने गया था। दुकान पर सामान खरीदने के बाद जब सोनू ने अपने मोबाइल फोन से डिजिटल पेमेंट करने का प्रयास किया, तो सर्वर या नेटवर्क की तकनीकी खराबी के कारण पैसे ट्रांसफर नहीं हो सके। सोनू ने स्थिति को समझते हुए दुकानदार से कहा कि वह अपना मोबाइल उनके पास गिरवी रख देता है और कल सुबह आकर नकद भुगतान कर अपना मोबाइल वापस ले जाएगा।

सड़क पर पटककर डंडे से किया हमला, दी जान से मारने की धमकी

इसी बीच गांव के ही घनश्याम सिंह, गुड्डा सिंह, सुभाष सिंह और रवि लाल वहां आ पहुंचे। आरोपियों ने सोनू के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और तुरंत नगद पैसों की मांग करने लगे। जब पीड़ित ने दोबारा समझाया कि पैसे सुबह दे देगा, तो आरोपी उग्र हो गए। आरोप है कि गुड्डा सिंह ने सोनू को पकड़कर पक्की सीसी रोड पर पटक दिया, वहीं सुभाष सिंह ने हाथ में लिए डंडे से सोनू के सिर पर जोर से वार कर दिया, जिससे सिर फट गया और खून बहने लगा। घनश्याम सिंह और रवि लाल ने भी युवक की लात-घूसों से पिटाई की। शोर-शराबा सुनकर भांजे जितेंद्र, दुकानदार माखन सिंह और उमा सिंह ने बीच-बचाव कर सोनू की जान बचाई। जाते-जाते आरोपियों ने दोबारा सामने आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।

कोतवाली पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला

घटना की सूचना पीड़ित ने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। फरियादी सोनू सिंह मार्को के सिर, दाहिने हाथ की कोहनी और अंगुली में गंभीर चोटें आई हैं। कोतवाली पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण कराया और आरोपी घनश्याम सिंह, गुड्डा सिंह, सुभाष सिंह निवासी ददरा टोला पचड़ी एवं रवि लाल निवासी कुशमहा (उमरिया) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 296(b), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Previous Post Next Post