मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा व SP संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जारी है विशेष यातायात महाअभियान
Junaid Khan - शहडोल। यातायात थाना प्रभारी अमित विश्वकर्मा के नेतृत्व में ज्ञानोदय विद्यालय और भारत माता हायर सेकेंडरी में भव्य जागरूकता कार्यक्रम संपन्न। हेलो ढाबा (धुरवार) हादसे का दिया हवाला 'हेलमेट व सीटबेल्ट चालान से नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने के साधन। शहडोल प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और असमय काल-कवलित होने वाली अनमोल जिंदगियों को सुरक्षित करने के लिए राज्य सरकार, गृह विभाग एवं पुलिस मुख्यालय (PHQ) भोपाल के दिशा-निर्देशों पर शहडोल पुलिस मुस्तैदी से जुटी हुई है। माननीय सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के कड़े निर्देशों एवं मध्य प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनहितैषी मंशा के अनुरूप जिले में चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष यातायात प्रर्वतन एवं जनजागरूकता महाअभियान (28 सितंबर से 08 अक्टूबर 2026) के तहत निरंतर व्यापक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा यातायात थाना प्रभारी अमित कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में यातायात पुलिस की टीम शहर के प्रमुख स्कूलों, कॉलेजों, न्यू बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आम जनमानस और विद्यार्थियों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने का भगीरथ प्रयास कर रही है। स्कूलों में उमड़ा उत्साह 500 से अधिक छात्र, शिक्षक व अभिभावक बने यातायात प्रहरी
अभियान की कड़ी में सोमवार, 05 अक्टूबर 2026 को शहडोल स्थिति ज्ञानोदय विद्यालय एवं भारत माता हायर सेकेंडरी स्कूल में विशेष 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत भव्य यातायात जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में दोनों विद्यालयों के लगभग 500 से अधिक छात्र-छात्राओं, सम्मानित शिक्षकों,अभिभावकों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान यातायात थाना प्रभारी अमित कुमार विश्वकर्मा, एसआई, सहायक उप-निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक जवानों ने उपस्थित जनसमुदाय को सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन अधिनियम (M.V. Act) के मूलभूत नियमों की विस्तृत जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से मानक हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहनों में सीटबेल्ट लगाने, ओवर-स्पीडिंग से बचने, तीन सवारी न बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने का संकल्प दिलाया। धुरवार हादसे का संदर्भ और न्यू बस स्टैंड पर जन-जागरूकता। जागरूकता सत्र के दौरान हाल ही में हेलो ढाबा (धुरवार) के समीप हुए दुखद सड़क हादसे का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संवेदनशील करते हुए बताया कि यदि दुर्घटनाग्रस्त वाहन चालक ने सही तरीके से हेलमेट पहना होता, तो सिर पर गंभीर चोट न आती और उसकी जान बचने की गुंजाइश कई गुना बढ़ जाती। इसके साथ ही न्यू बस स्टैंड परिसर सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जन-जागरूकता अभियान चलाकर बस चालकों, ऑटो चालकों और यात्रियों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वाली सवारी (Pillion Rider) के लिए भी हेलमेट उतना ही आवश्यक है जितना कि चालक के लिए।
'जीरो फैटालिटी' लक्ष्य और समाज की सहभागिता शहडोल पुलिस 'जीरो फैटालिटी' (शून्य सड़क दुर्घटना मृत्यु दर) के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए पूर्णतः संकल्पित है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइंस व शासकीय कार्यालयों के अलावा शिक्षण संस्थानों में एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से यह सकारात्मक संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है। यातायात थाना प्रभारी एवं उनकी समर्पित टीम (एसआई व जवानों) द्वारा जमीनी स्तर पर चलाए जा रहे इस शिक्षाप्रद व संवेदनशील अभियान की जिलेभर के प्रबुद्ध नागरिकों, पत्रकारों और अभिभावकों द्वारा मुक्त कंठ से सराहना की जा रही है।

