आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
Junaid khan - शहडोल। 13 अक्टूबर 2026 कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ब्यौहारी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत खांड़ की सरपंच रामबाई बैगा ने ग्राम खांड में विद्युतीकरण कराए जाने की मांग की, ग्राम देवहरा जिला अनूपपुर निवासी सुनील बैगा ने पिता की मृत्यु के उपरांत अनुकंपा नियुक्त दिलाए जाने, जनपद पंचायत ब्यौहारी के ग्राम पंचायत भोल्हरा निवासी कुलदीप सिंह ने 15 लोगों को नौकरी का लालच देकर पैसे लूटने की शिकायत, ग्राम पंचायत हर्राटोला निवासी मोहित पाल, राहुल यादव एवं बबलू बैगा ने ग्राम हर्राटोला में ट्रांन्सफार्मर लगवाने, वार्ड नं0 01 ब्यौहारी निवासी शिवकुमार कहार ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम जमोड़ी निवासी ठेप्पा कोल ने वनाधिकार पट्टा दिलाए जाने संबंधी आवेदन जनसुनवाई में दिए। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई कर आवेदनों के निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री भागीरथी लहरे, श्रीमती अन्तोनिआ एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
