कन्या भोज जा रही बच्ची से दरिंदगी की कोशिश,राहगीरों और पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी गिरफ्तार

नवरात्रि के पावन पर्व पर शराबी मनचले ने की अश्लील हरकत,डायल-112 व अमलाई पुलिस की घेराबंदी ने मंसूबों पर फेरा पानी


Junaid Khan - शहडोल। मासूम की सूझबूझ और राहगीरों का साहस बना ढाल। एक तरफ जहां पूरा देश और प्रदेश नवरात्रि के पावन पर्व पर बेटियों को देवी का स्वरूप मानकर कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली दुस्साहसिक घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा चौथी में पढ़ने वाली 8 वर्षीय मासूम बच्ची नवरात्रि के अवसर पर कन्या भोज में शामिल होने अपनी दादी के घर पैदल जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार आरोपी राकेश भारती (जो अत्यधिक शराब के नशे में धुत था) ने बच्ची को अकेली पाकर रुकवाया और हाथ से गंदे व अश्लील इशारे करते हुए पास बुलाने लगा। आरोपी की संदिग्ध नीयत और नापाक इरादों को भांपकर मासूम बच्ची घबराने की बजाय बेहद सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत वहां से भागी और रास्ते से गुजर रहे राहगीरों को आपबीती बताई। बच्ची की बात सुनते ही राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला और तत्काल डायल-112 तथा अमलाई पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई,चंद मिनटों में आरोपी सलाखों के पीछे

घटना की जानकारी मिलते ही अमलाई पुलिस और डायल-112 की टीम ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में त्वरित एवं काबिले तारीफ मुस्तैदी दिखाई। पुलिस ने बिना कोई समय गंवाए मौके की घेराबंदी की और राहगीरों के सहयोग से आरोपी राकेश भारती को रंगे हाथों धर दबोचा। उधर, बुरी तरह सहमी हुई बच्ची जब दादी के घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई, तो परिजन उसे लेकर अमलाई थाने पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने संवेदनशीलता और कड़े रुख का परिचय देते हुए पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78, 79 और पाक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 11/12 के तहत गंभीर धाराओं में अपराध पंजीकृत कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस की इस तत्परता और राहगीरों की सजगता की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक का सख्त संदेश: अपराधियों पर होगी कठोरतम कानूनी कार्रवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। मामले में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि "आरोपी शराबी हालत में बच्ची को देखकर अश्लील इशारे कर रहा था। राहगीरों की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आरोपी के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मनचलों के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा।" प्रशासन के इस सख्त रवैये और त्वरित कार्रवाई से स्पष्ट है कि बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस व सरकार किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।

Previous Post Next Post