दशहरा पर्व पर यातायात व्यवस्था पुख्ता,ट्रैफिक पुलिस ने बनाया अभेद्य सुरक्षा चक्र

पॉलिटेक्निक ग्राउंड में रावण दहन,भारी वाहनों पर नो-एंट्री, रूट डायवर्जन लागू


Junaid Khan - शहडोल। विजयादशमी के पावन अवसर पर नगर के पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले भव्य दशहरा एवं रावण पुतला दहन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पर्व के दौरान शहर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों की अपार भीड़ को देखते हुए यातायात थाना शाहडोल द्वारा व्यापक ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान तैयार किया गया है। पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को सुगम, सुरक्षित और जाम-मुक्त आवागमन की सुविधा प्रदान करना है। इसके लिए 20 अक्टूबर को सुबह से ही शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्त प्रतिबंध लागू रहेगा। वीआईपी से लेकर आमजन तक के लिए सुगम डायवर्जन व पार्किंग का खाका यातायात पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार, राजेन्द्र टॉकीज चौराहे से पॉलिटेक्निक कॉलेज होकर पाण्डवनगर जाने वाले सामान्य यातायात को जय स्तंभ चौराहे से श्रीराम अस्पताल के बगल, निगम कालोनी मार्ग एवं फॉरेस्ट रेस्ट हाउस होते हुए डायवर्ट किया गया है। भारी एवं चार पहिया वाहनों जो सिंहपुर रोड/पोंडा नाला की ओर से आकर रीवा या बुढ़ार रोड जाना चाहते हैं, उन्हें शहर के भीतर प्रवेश न देकर सिंहपुर रोड से गणेश मंदिर, बगिया तिराहा एवं महाराणा प्रताप चौक (किया तिराहा) की ओर से निकाला जाएगा। इसी प्रकार यात्री बसें पुराने बायपास मार्ग का ही उपयोग करेंगी। श्रद्धालुओं एवं वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के लिए गुड शेफर्ड कान्वेंट स्कूल, पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर एवं हॉस्टल ग्राउंड में अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। शहर में सुबह 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। स्थानीय निवासियों को उनके निवास प्रमाण पत्र के आधार पर आवागमन की छूट रहेगी। यातायात थाना प्रभारी ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Previous Post Next Post