RKSK साथिया समागम 2026–27 का आयोजन

किशोर स्वास्थ्य जागरूकता एवं सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल 



Junaid Khan - शहडोल। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के अंतर्गत उमंग परियोजना द्वारा RKSK साथिया समागम 2026–27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, साथिया कार्यक्रम की भूमिका को सशक्त बनाना तथा किशोर स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर संवाद स्थापित करना रहा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, साथियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सरपंचों, सचिवों, शिक्षकों एवं मास्टर ट्रेनर्स ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक संचालक, जनजातीय कार्य विभाग, श्री संजय पांडेय द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनके विचारों, अनुभवों एवं जिज्ञासाओं को जाना और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय CMHO, शहडोल, श्री राजेश मिश्रा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उनके अनुभवों एवं विचारों को सुना। अपने उद्बोधन में उन्होंने साथिया प्रशिक्षण के महत्व, उसकी उपयोगिता तथा किशोर-किशोरियों के जीवन पर इसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने साथिया कार्यक्रम को किशोर स्वास्थ्य जागरूकता, सही जानकारी के प्रसार एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। DPM श्री मनोज द्विवेदी जी ने भी बच्चों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को कार्यक्रम से सक्रिय रूप से जुड़ने, प्राप्त जानकारी का उपयोग करने तथा अपने साथियों के बीच स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती प्रीति सिंह ने RKSK कार्यक्रम के उद्देश्यों, मिशन एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने साथिया प्रशिक्षण की भूमिका, किशोर-किशोरियों तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुँचाने, सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाने तथा समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के महत्व को समझाया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में माननीय CMHO श्री राजेश मिश्रा द्वारा मेधावी साथियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सरपंचों, सचिवों, मास्टर ट्रेनर्स एवं शिक्षकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया तथा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर प्रतिभागियों के कार्यों एवं सहभागिता की सराहना की गई। समापन अवसर पर AISECT स्टाफ की ओर से श्री अमृत राज निगम, क्षेत्रीय प्रबंधक, AISECT, शहडोल, परियोजना समन्वयक श्री शमशेर अली एवं कोऑर्डिनेटर श्री रवि राव द्वारा उपस्थित अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री अमृत राज निगम, परियोजना समन्वयक श्री शमशेर अली एवं कोऑर्डिनेटर श्री रवि राव की सक्रिय सहभागिता रही। इसके साथ ही सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। RKSK Saathiya Samagam 2026–27 को सफल बनाने में AISECT एवं RKSK टीम के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी सदस्यों के समन्वय, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम का सफल आयोजन संभव हो सका। यह समागम किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा। कार्यक्रम के माध्यम से साथिया की भूमिका को प्रोत्साहित करने, समुदाय की सहभागिता बढ़ाने तथा RKSK के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का सार्थक संदेश दिया गया। जारीकर्ता: अमृत राज निगम क्षेत्रीय प्रबंधक, AISECT क्षेत्रीय कार्यालय, शहडोल।

Previous Post Next Post