अपनी संपत्ति,अपना अधिकार: धनतेरस पर ग्रामीणों को मिला स्वामित्व का उपहार

विधायक श्रीमती मनीषा सिंह एवं विधायक श्री जयसिंह मरावी ने हितग्राहियों को वितरित की आवासीय भूमि की रजिस्ट्री



Junaid Khan - शहडोल। 06 नवंबर 2026 धनतेरस के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण परिवारों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार प्रदान कर खुशियों का विशेष उपहार दिया। अपनी संपत्ति, अपना अधिकार की भावना को साकार करते हुए स्वामित्व अधिकार योजना के अंतर्गत जिले में ग्रामीणों को आवासीय भूमि की रजिस्ट्री वितरित की गई। जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने ग्राम छतवई में 17 हितग्राहियों को आवासीय भूमि की रजिस्ट्री प्रदान की, वहीं तहसील बुढ़ार के ग्राम गोपालपुर में विधायक श्री जयसिंह मरावी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग की उपस्थिति में चार हितग्राहियों को रजिस्ट्री वितरित की गई। इस प्रकार ग्राम गोपालपुर में शत-प्रतिशत रजिस्ट्री वितरण का लक्ष्य पूरा कर लिया गया। निःशुल्क रजिस्ट्री प्राप्त होने से ग्रामीण परिवारों के चेहरों पर खुशी की झलक दिखाई दी। इस अवसर पर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धनतेरस के अवसर पर ग्रामीण परिवारों को स्वामित्व अधिकार का अनमोल उपहार दिया है। यह केवल रजिस्ट्री का वितरण नहीं, बल्कि ग्रामीणों को उनकी संपत्ति पर कानूनी अधिकार, सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान करने की महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक परिवार वर्षों से अपने आवासीय मकानों में निवास कर रहे थे, लेकिन उनके पास भूमि एवं मकान के स्वामित्व का वैधानिक दस्तावेज उपलब्ध नहीं था। अब स्वामित्व अधिकार योजना के माध्यम से ऐसे परिवारों को उनकी संपत्ति का विधिवत प्रमाण प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामित्व अधिकार मिलने से ग्रामीणों को भविष्य में संपत्ति संबंधी विवादों से बचने में सहायता मिलेगी। साथ ही वे अपनी संपत्ति का उपयोग आर्थिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए भी कर सकेंगे। रजिस्ट्री के आधार पर पात्रतानुसार बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं से ऋण प्राप्त करने का रास्ता भी सुगम होगा। इससे ग्रामीण परिवारों को आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने, स्वरोजगार अपनाने तथा अपने जीवन स्तर में सुधार करने के नए अवसर मिल सकेंगे। विधायक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांव में रहने वाले प्रत्येक पात्र परिवार को उसकी संपत्ति का अधिकार मिले और वह सम्मान एवं आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सके। स्वामित्व अधिकार योजना ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। धनतेरस जैसे शुभ अवसर पर आवासीय भूमि की निःशुल्क रजिस्ट्री मिलना ग्रामीण परिवारों के लिए लंबे समय तक यादगार रहने वाला उपहार है। ग्राम छतवई में विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने हितग्राहियों श्री सुरेश बैगा, श्री महेश बैगा, श्री लालू यादव, श्री मनी बैगा, श्री भोला बैगा, श्री बराती बैगा, श्री छोटेलाल चौधरी, श्री संतोष चौधरी, श्री लहुराई यादव तथा श्री बरनी यादव सहित कुल 17 हितग्राहियों को स्वामित्व अधिकार योजना के अंतर्गत आवासीय भूमि की रजिस्ट्री सौंपी। तहसील बुढ़ार के ग्राम गोपालपुर में विधायक श्री जयसिंह मरावी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग ने चार हितग्राहियों को स्वामित्व अधिकार योजना के अंतर्गत आवासीय भूमि की रजिस्ट्री वितरित की। सभी पात्र हितग्राहियों को रजिस्ट्री प्रदान किए जाने के साथ ग्राम गोपालपुर में वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया। इस उपलब्धि से ग्रामीणों में प्रसन्नता का माहौल रहा। रजिस्ट्री प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अपनी आवासीय संपत्ति का कानूनी दस्तावेज प्राप्त हो गया है। इससे उन्हें अपनी संपत्ति पर अधिकार और सुरक्षा का भरोसा मिला है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। धनतेरस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने ग्रामीण परिवारों के लिए पर्व की खुशियों को और भी बढ़ा दिया। अपनी संपत्ति का कानूनी अधिकार मिलने से हितग्राहियों में सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का भाव दिखाई दिया। इस अवसर पर ग्राम छतवई में ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती मुन्नीबाई, तहसीलदार सोहागपुर श्री दीपक पटेल, राजस्व निरीक्षक श्री राकेश सिंह कुशवाह, पटवारी श्री अरुण सिंह सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post