डॉक्टरों के अथक प्रयासों से राजवती कोल को मिला स्वस्थ जीवन
Junaid khan - शहडोल। बुधवार, 19 नवम्बर 2025, को जिला चिकित्सालय शहडोल में केंद्र एवं राज्य सरकार के सहयोग से लगातार बेहतर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इनमें सीटी स्कैन, दवाइयां, नवजात शिशुओं का उपचार सहित अनेक सेवाएं शामिल हैं, जिनका उद्देश्य आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य लाभ उपलब्ध कराना है। शहडोल जिले के ब्यौहारी विकासखंड के ग्राम मरतला निवासी श्रीमती राजवती कोल को पेट में तेज दर्द एवं सूजन की शिकायत पर 12 नवम्बर को जिला चिकित्सालय शहडोल में भर्ती किया गया। चिकित्सालय में किए गए विभिन्न जांच में पता चला कि उनके पेट में लगभग 5 किलोग्राम का बड़ा गाठानुमा ट्यूमर विकसित हो गया था, जिसके कारण उन्हें अत्यधिक परेशानी हो रही थी। जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने अथक प्रयास कर सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर इस जटिल गठान को निकाल दिया। ऑपरेशन सफल रहने के बाद अब श्रीमती राजवती कोल पूरी तरह स्वस्थ और सामान्य महसूस कर रही हैं। सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ ने बताया कि डॉक्टर अंजू झा, अपूर्व पाण्डेय, सुहानी पाण्डेय सहित अन्य स्टाफ सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से यह चुनौतीपूर्ण सर्जरी सफल हो सकी। उन्होंने कहा कि टीम ने समर्पण के साथ कार्य करते हुए श्रीमती राजवती कोल को एक स्वस्थ जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
