सड़क मार्ग अवरुद्ध कर तोड़फोड़ व आगजनी करने वाले आरोपी गिरफ्तार
Junaid khan - शहडोल। थाना अमलाई क्षेत्रांतर्गत सूचनाकर्ता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 17.09.2024 को कस्बा भ्रमण के दौरान ईटाभठ्ठा अमलाई पीपल तिराहा पर क्षेत्र के कुछ असामाजिक तत्व बीच सड़क पर बैठकर अवैध रूप से मार्ग अवरुद्ध करते हुए चक्का जाम किए हुए थे। उक्त व्यक्तियों द्वारा लाठी-डंडे व रॉड लेकर वाहनों को रोकते हुए आवागमन बाधित किया गया तथा उत्पात मचाते हुए एक चार पहिया वाहन को घसीटकर पलटाकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। साथ ही, एक अन्य मैजिक वाहन को सड़क पर लाकर आग लगा दी गई, जिससे वह पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। वाहन में लगी आग फैलकर समीप स्थित दुकान/गोदाम में रखे कागज, गत्ता व प्लास्टिक सामग्री को भी चपेट में लेती हुई गोदाम में व्यापक आगजनी का कारण बनी। प्राप्त तथ्यों के आधार पर थाना अमलाई में आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान थाना अमलाई पुलिस द्वारा प्रकरण के आरोपी - 1- सूरज कुमार हरिजन पिता सूखी लाल हरिजन उम्र 22 वर्ष, 2- आयुष उर्फ़ लकी देवांगन पिता संतोषी लाल उम्र 20 वर्ष, 3- आमीन सहीस पिता जवाहर उम्र 25 वर्ष (सभी निवासी ईटाभट्ठठ्ठा अमलाई) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी अमलाई निरीक्षक जयप्रकाश नारायण शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक करतार सिंह, उपनिरीक्षक अजमेर सिंह, प्रधान आरक्षक गणेश पांडेय, प्रधान आरक्षक जयवेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक जीवन लाल, आरक्षक तीरथ सिंह एवं आरक्षक नरेंद्र यादव की सराहनीय भूमिका रही है।

