बीपीसीएल की लापरवाही से फूटा पाइप,जल बहाव से मोहल्लेवासी परेशान

कृष्णा कॉलोनी वार्ड 28 में फूटा जल-लाइन पाइप, पार्षद श्रद्धा निलेश निगम ने जताई कड़ी नाराज़गी


Junaid khan - शहडोल। कृष्णा कॉलोनी वार्ड क्रमांक 28 में सोमवार सुबह बीपीसीएल के कर्मचारियों की भारी लापरवाही का मामला सामने आया। पाइपलाइन की खुदाई के दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने पानी की मुख्य लाइन को तोड़ दिया, जिससे लगातार पानी बहता रहा और सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई। स्थानीय नागरिकों के अनुसार, बीपीसीएल के कर्मचारी काम करके बिना किसी मरम्मत या सुरक्षा के वहाँ से निकल गए, जबकि टूटे पाइप से घंटों पानी बहता रहा। इस अनियंत्रित जल-बहाव से न केवल कीमती पेयजल की बर्बादी हुई, बल्कि आसपास की सड़कें कीचड़ और गंदगी से पट गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आसपास के निवासियों ने बताया कि कंपनी कर्मचारियों की ऐसी लापरवाही पहली बार नहीं है। जब भी खुदाई का काम होता है, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त कर दी जाती है और उसके बाद मरम्मत के लिए कोई जिम्मेदारी नहीं ली जाती।

पार्षद श्रद्धा निलेश निगम ने खोला मोर्चा

वार्ड की पार्षद श्रद्धा निलेश निगम मौके पर पहुंचीं और स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने बीपीसीएल के अधिकारियों पर कड़ी नाराज़गी जाहिर की।

पार्षद श्रद्धा निलेश निगम का बयान 

बीपीसीएल के कर्मचारियों की ऐसी लापरवाही अब बर्दाश्त से बाहर है। हर बार खुदाई के दौरान हमारी पेयजल लाइन तोड़ दी जाती है और कई-कई घंटे पानी सड़क पर बहता रहता है। यह जनता के पैसे और संसाधनों की खुली बर्बादी है। वार्ड के लोग परेशान हैं, बच्चे कीचड़ में फिसल रहे हैं, और कंपनी के अधिकारी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं। हम इस मामले की शिकायत जिला प्रशासन से करेंगे और बीपीसीएल पर सख़्त कार्रवाई की मांग करेंगे।

निवासियों ने जताई नाराज़गी

स्थानीय लोगों ने कहा कि रोज़मर्रा के कामों में उपयोग होने वाला पानी यूं ही बहता रहा और किसी अधिकारी को इसकी चिंता तक नहीं दिखी। “कंपनी वाले आते हैं, पाइप तोड़ते हैं और चले जाते हैं। इसकी मरम्मत भी नगर पालिका को करनी पड़ती है। निवासी बोले।

प्रशासन की चुप्पी भी सवालों के घेरे में

जहाँ एक तरफ पेयजल संकट बढ़ता जा रहा है, वहीं करोड़ों की लागत से बिछाई गई पानी की पाइपलाइन बार-बार टूटने की घटनाएँ सीधे तौर पर तकनीकी निगरानी की कमी और बीपीसीएल की उदासीनता को उजागर करती हैं। कृष्णा कॉलोनी की जनता अब इस मामले में सख़्त कार्रवाई की मांग कर रही है। यदि पाइपलाइन की सुरक्षा और मरम्मत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में ऐसी घटनाएँ और भी बड़े नुकसान का कारण बन सकती हैं।

Previous Post Next Post