उच्च अधिकारियों की अनदेखी से बेलगाम हुए एजेंसी कर्मचारी,गैस संकट के बीच मोटी कमाई का खेल?
Junaid khan - शहडोल। जिले के केशवाही क्षेत्र मे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक भुगतान करना पड़ रहा है, जबकि दूसरी ओर श्री राम एचपी गैस एजेंसी के कर्मचारियों द्वारा सिलेंडरों की खुलेआम कालाबाजारी किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि गैस संकट की आड़ में एजेंसी कर्मचारी होटलों को मनमाने दामों पर सिलेंडर बेचकर अपनी जेबें भर रहे हैं।
मनमानी वसूली की शिकायत
केशवाही स्थित श्री राम एचपी गैस एजेंसी पर यह अनियमितता देखी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एजेंसी द्वारा निर्धारित 876 रुपये की कीमत के बावजूद, प्रत्येक गैस उपभोक्ता से 900 रुपये वसूले जा रहे हैं। यानी, प्रत्येक सिलेंडर पर उपभोक्ताओं से 24 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं ने इस मनमानी वसूली पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि जब वे इस अतिरिक्त राशि के बारे में पूछते हैं, तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।
गैस की कमी,कालाबाजारी जोरों पर
वर्तमान में शहडोल जिले में एचपी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बन गई है। लगभग जिले भर में अधिकांश एजेंसियों द्वारा उपभोक्ताओं को यह कहकर लौटाया जा रहा है कि गैस खत्म है या गैस की गाड़ियां नहीं आ पाई हैं, इसलिए गैस उपलब्ध नहीं हो पाएगी। लेकिन, इसी गैस संकट के बीच श्री राम एचपी गैस एजेंसी के कर्मचारियों की संदिग्ध भूमिका सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यही कर्मचारी कथित तौर पर एचपी गैस सिलेंडरों को ब्लैक में होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। इस अवैध कारोबार से वे अच्छी खासी मोटी कमाई कर रहे हैं, जिसका सीधा नुकसान आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है।
शिकायतों के बावजूद कार्रवाई शून्य
यह बेहद चिंताजनक है कि इस अनियमितता और कालाबाजारी की सूचना कई बार उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद, अब तक एजेंसी के खिलाफ या इसमें शामिल कर्मचारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। अधिकारियों की इस अनदेखी से एजेंसी कर्मचारियों के हौसले बुलंद हैं, और वे बिना किसी डर के उपभोक्ताओं को लूटने और कालाबाजारी करने में लगे हुए हैं।


