शहडोल बस स्टैंड पर हाहाकार- बेकाबू बस ने ली आरक्षक की जान
Junaid khan - शहडोल। दिनाँक 07 दिसंबर 2025 को शहडोल के सबसे व्यस्त बस स्टैंड क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। ड्यूटी पर तैनात कोतवाली थाना के आरक्षक महेश पाठक यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे, तभी दादू एंड कंपनी की तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर अंदर घुसी और सीधे आरक्षक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह जमीन पर गिर पड़े और बस उनके ऊपर से गुजर गई। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि लोगों में चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी फैल गई।
ड्राइवर फरार बस जब्त,लोग गुस्से में सड़क पर उतरे
हादसे के बाद चालक बस वहीं छोड़कर फरार हो गया। भीड़ की नाराज़गी देख पुलिस मौके पर पहुंची और बस को जब्त कर लिया। ड्राइवर की तलाश जारी है। लोगों ने बस स्टैंड में लंबे समय से चल रहे अव्यवस्थित यातायात पर जमकर नाराज़गी जताई। उनका कहना है कि यदि समय पर व्यवस्था सुधारी जाती तो यह हादसा टल सकता था। एक स्थानीय नागरिक ने कहा,यहां रोज़ मौत का नंगा नाच होता है,पर प्रशासन सोया रहता है। आज जान गई है तो सब जागे हैं।
RTO और पुलिस की बड़ी कार्रवाई,अवैध पार्किंग पर चला बुलडोजर का गुस्सा
हादसे के बाद देर रात RTO अधिकारी अनपा खान अपनी टीम के साथ बस स्टैंड और पेट्रोल पंप क्षेत्र में उतरीं। वर्षों से अवैध रूप से खड़ी बसों पर कार्रवाई की गई और कई वाहनों को हटवाया गया। खान ने बस मालिकों को सख्त चेतावनी दी,नियम तोड़ने वालों पर अब सीधी कार्रवाई होगी,किसी को बख्शा नहीं जाएगा। बसों की फिटनेस, परमिट और पार्किंग की जांच तेज़ी से शुरू कर दी गई है।
शहडोल शोक में डूबा-हीरो आरक्षक को अंतिम सलामी
आरक्षक महेश पाठक की अचानक हुई मौत से पूरा पुलिस विभाग सदमे में है। साथी पुलिसकर्मियों की आँखें नम हो गईं। एसपी रामजी श्रीवास्तव ने कहा,यह साफ-साफ गंभीर लापरवाही का मामला है,दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी। लोगों की एक ही मांग है,बस स्टैंड की व्यवस्था बदली जाए,वरना ऐसे हादसे फिर होंगे। यह हादसा प्रशासन और व्यवस्था दोनों के लिए बड़ा सबक छोड़ गया है। अब देखना है कि वादे कितने समय तक ज़मीन पर टिकते हैं।


