डीआईजी सुश्री सविता सोहाने ने किया आकस्मिक निरीक्षण,अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
Junaid khan - शहडोल। भोपाल प्रदेश के पुलिस प्रशासन के निर्देशानुसार शहडोल रेंज की पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) सुश्री सविता सोहाने ने बुधवार को यातायात थाना, जिला शहडोल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था की समग्र स्थिति का जायज़ा लिया तथा उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
यातायात व्यवस्था में सुधार लाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान डीआईजी सोहाने ने शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नियमों के पालन में लापरवाही पर होगी सख्ती
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। स्कूल-कॉलेज बसों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था दुरुस्त की जाए। साथ ही उन्होंने सीसीटीवी कैमरा मॉनिटरिंग एवं चालान प्रक्रिया की समीक्षा कर पारदर्शिता बरतने और समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जन सहयोग से मिलेगा बेहतर परिणाम
डीआईजी सोहाने ने कहा,यातायात व्यवस्था तभी बेहतर होगी जब पुलिस और जनता दोनों मिलकर नियमों का पालन करेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।

