जिला शिक्षा अधिकारी की अटूट रही लोकप्रियता और आत्मीय जुड़ाव-सी.ई.ओ
अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर चुके जिला शिक्षा अधिकारी को दी गई भावविनी विदाई
Junaid khan - शहडोल। 31 जवनरी 2026:- संभागीय मुख्यालय शहडोल के ओएसिस होटल में अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर चुके जिला शिक्षा अधिकारी श्री फूल सिंह मरपाची का विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग ने कहा कि सेवानिवृत हो रहे जिला शिक्षा अधिकारी श्री फूल सिंह मरपाची सरल और सहज स्वभाव के धनी है। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी को सौंप गए दायित्व का निर्वहन बड़ी जिम्मेदारी के साथ किया, किसी भी कार्य को न नहीं कहने के गुण समाहित हैं। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान जो भी अधूरी इच्छाएं रही हो उन्हें अब अपने घर परिवार के साथ पूरा करेंगे और सकुशल पारिवारिक जीवन व्यतीत करेंगे। उन्होंने सेवानिवृत जिला शिक्षा अधिकारी को स्वस्थ जीवन यापन करने की शुभकामनाएं भी दी। समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मुद्रिका सिंह ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यकाल जो प्रशासनिक जुड़ाव के साथ-साथ लोकप्रियता, और आत्मीय जुड़ाव अटूट रहा है। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान जो भी दायित्व सौंपे गए उनका जवाब सकारात्मक और सौम्य रहा है, वे कोई भी कार्य के लिए नकारात्मक जवाब नहीं दिए। समारोह को संबोधित करते हुए डीपीसी श्री अमरनाथ सिंह ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी धैर्य और सहनशीलता के धनी हैं यह धैर्य रखने और सहनशीलता हमेशा बनी रहे मैं मां नर्मदा जी से कामना करता हूं। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने बड़ी सहजता के साथ अपने कार्यों का निर्वहन किया है और अपनी संस्कृति के साथ विदा लेना अत्यंत प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में शहडोल जिले का परीक्षा परिणाम भी प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान पर रहा। समारोह को संबोधित करते हुए एपीसी श्री अरविंद पांडे ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में शहडोल जिले में शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किए गए। उन्होंने कहा कि 39 वर्ष 2 माह का सेवाकाल सकुशल व्यतीत हुआ। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति होना एक शासकीय प्रक्रिया है और आत्मीय जुड़ाव सदैव रहेगा। विदाई एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सेवानिवृत जिला शिक्षा अधिकारीश्री फूलसिंह मरपाची ने कहा कि मेरे कार्यकाल के दौरान सभी लोगों को जिन्होंने अप्रत्यक्ष और प्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान किया वह हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर संघर्ष आवश्यक होता है लेकिन संघर्षों को स्वीकार करते हुए आगे बढ़े तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि टीमवर्क से कार्य करने पर कठिन से कठिन कार्य सरलता के साथ किए जा सकते हैं जो मुझे अपने कार्यकाल के दौरान मिला।उन्होंने कहा कि जो प्रेम और स्नेह दिया मैं सदैव आभारी रहूंगा। विदाई एवं सम्मान समारोह के अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अमृता गर्ग सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने शाल,श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री रामरूद्र पटेल, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पांडे, सहायक संचालक के खेल रईस अहमद, प्राचार्य प्रशांत मिश्रा, अभिलाशा, प्रेमलाल मिश्रा, संजीव भट्टनागर सहित अन्य अधिकारी, शिक्षा विभाग के कर्मचारी एवं सेवानिवृत्ति जिला शिक्षा अधिकारी के परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री विवेक पांडे ने किया। ज्ञात हो कि सेवानिवृत्ति जिला शिक्षा अधिकारी श्री फूल सिंह मरपाची, सहायक शिक्षक, प्रधानाध्यापक, व्याख्याता, प्राचार्य, जिला परियोजना समन्वयक जैसे अन्य पदों में रहकर अपने दायित्व का निर्वहन सफलतापूर्वक किया।


