भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन का भव्य वार्षिक महोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न

हजारों की तादात में छात्र छात्राएँ कार्यक्रम में हुए शामिल



Junaid khan - शहडोल। सँभाग के जिले उमरिया में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) जिला उमरिया द्वारा आयोजित वार्षिक महोत्सव 2026 का भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले भर के महाविद्यालयों से आए हजारों छात्र छात्राओं ने भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। मंगल भवन पार्किंग स्थल पर आयोजित इस महोत्सव में युवाओं की प्रतिभा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंच पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, गीत, कविता पाठ एवं नाट्य मंचन ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। हर प्रस्तुति पर तालियों की गड़गड़ाहट ने प्रतिभागियों का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया। इस अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष मो. असलम शेर ने अपने उद्बोधन में कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देते हैं और उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन सदैव छात्र–छात्राओं के हितों और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देना और उनमें आत्मविश्वास का संचार करना रहा, जिसमें आयोजन पूरी तरह सफल रहा।

इस पूरे आयोजन में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं वालंटियर्स ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मौजूद छात्र–छात्राओं ने भी अनुशासन और उत्साह के साथ सहभागिता कर आयोजन को जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन जिला उमरिया ने सभी प्रतिभागियों, पदाधिकारियों, वालंटियर्स एवं उपस्थित छात्रों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे ही रचनात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष पुष्पराज सिंह, कांग्रेस के जिला प्रवक्ता मो. नईम, अशोक यादव, कांग्रेस के वीरेंद्र सिंह सेंगर, मिथलेश राय, शिशुपाल यादव एवं भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के पदाधिकारी व कार्यक्रम के वॉलेंटियर, जिले के नागरिक, हजारों की तादात में छात्र छात्रा एवं आदि भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post