कुष्ठ रोग मुक्त समाज के लिए दिलाई गई शपथ, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान प्रारंभ
Junaid khan - शहडोल। राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में 02 मिनट का मौन रखा गया। यह दिवस अहिंसा के पुजारी महात्मा गाँधी जी के पुण्यतिथि को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। तत्पश्चात् राष्ट्रपिता के सपनों को साकार रूप देने शासन के निर्देशानुसार विकसित भारत अभियान के उपलक्ष्य में समाज व परिवार में कुष्ठ रोग संबंधी भ्रांतियो को दूर करने तथा कुष्ठमुक्त समाज की स्थापना करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा ने कुष्ठ रोग मुक्त समाज के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने शपथ दिलाते हुए कहा कि जिले को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, कुष्ठ रोग आसानी से पहचानी जाने तथा ठीक होने वाली बीमारी है, हम अपने जिले के उपलब्ध साधनों का उपयोग कर समस्त कुष्ठ रोगियों को खोजने व जल्द से जल्द पूर्ण उपचार प्रदान करने का प्रयास करेंगे, साथ ही कुष्ठ रोगियों के साथ भेदभाव नहीं रखेंगे, जिससे कुष्ठ रोग से पीडित रोगी समाज की मुख्यधारा से जुडकर कुष्ठ मुक्त भारत बनाने में अपना सहयोग प्रदान कर सके। जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. पुनीत श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की मंशानुसार 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यकम अंतर्गत स्पर्श अभियान चलाया जा रहा है, इस अभियान का मुख्य उददेश्य कुष्ठ रोग संबंधी समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना, जनजागरूकता करना तथा नये रोगियों की खोज कर उन्हें पूर्ण उपचार प्रदान कर, समाज की मुख्य धारा से जोडना है। इस अवसर पर जिला कुष्ठ अधिकारी, डॉ. पुनीत श्रीवास्तव, डीपीएम मनोज द्विवेदी, आर. के. अग्निहोत्री, धीरेन्द्र श्रीवास्तव, संजय सेन, रजनीश गुप्ता, राकेश श्रीवास्तव, सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
