जयरसिंहनगर व देवलोंद पुलिस ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए, 07 लाख से अधिक की संपत्ति सीज
Junaid khan - शहडोल। जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। जयरसिंहनगर और देवलोंद पुलिस की इस संयुक्त सख्ती से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जयरसिंहनगर में कार्रवाई, 3 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त दिनांक 09 फरवरी 2026 की रात थाना जयरसिंहनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सेमरिया नाला क्षेत्र से एक ट्रैक्टर अवैध रेत लोड कर चितराव की ओर जा रहा है। सूचना की तस्दीक पर पुलिस टीम ग्राम चितराव पहुंची, जहां दुर्गा मंदिर तिराहा के पास एक पावरट्रैक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। जांच में ट्रॉली में खनिज रेत भरी पाई गई। चालक ने अपना नाम सुनील कुमार श्रीवास्तव (55 वर्ष), निवासी चितराव, थाना जयरसिंहनगर बताया। पुलिस द्वारा रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर बीएनएस एवं खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 10 फरवरी 2026 को ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित रेत जब्त कर ली गई। जब्त संपत्ति की अनुमानित कीमत 3,03,000 रुपये आंकी गई है। वाहन को थाने में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार बेगा के नेतृत्व में की गई। देवलोंद में बिना नंबर का ट्रैक्टर पकड़ा, 4.83 लाख की जब्ती इसी क्रम में 10 फरवरी 2026 को थाना देवलोंद पुलिस को अवैध रेत परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सुभाष दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम झिरिया मोहार के पास दबिश दी। मौके पर लाल रंग का बिना नंबर का मैसी फर्ग्यूसन ट्रैक्टर एवं ट्रॉली में आधी ट्रॉली रेत भरी मिली। पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम दद्देल बैस, निवासी ग्राम झिरिया बताया, लेकिन रेत परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं रेत को जब्त कर लिया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 4,83,500 रुपये (ट्रैक्टर-ट्रॉली 4,80,000 रुपये एवं रेत 3,500 रुपये) बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस, खनिज अधिनियम एवं एमएन एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। सख्ती जारी रहेगी पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और रेत परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना वैध रॉयल्टी और दस्तावेज के खनिज परिवहन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही कार्रवाइयों से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में खलबली मची हुई है।
