मुख्यमंत्री ने जिले को दी विभिन्न विकास कार्यों की सौगातें

2300 करोड की लागत से सोन नदी में निर्मित होगी माईक्रो इरीगेशन परियोजना 

मुख्यमंत्री ने धनपुरी में नव निर्मित अत्याधुनिक वाटर पार्क का किया लोकार्पण 




Junaid khan - शहडोल। 08 फरवरी 2026 - सच्चा वादा -पक्का काम ही राज्य सरकार की पहचान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय भाई- बहनों के सर्वांगीण विकास में जुटी है। जनजातीय भाई बहनों का राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण हो रहा है। उक्त आशय के विचार प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने धनपुरी नगर परिषद में आयोजित वाटर पार्क, स्वीमिंग पुल एवं क्लब हाउस के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए व्यक्त किए । मुख्यमंत्री डॉ .यादव ने माता शबरी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने सारा जीवन रघुवर की प्रतीक्षा और प्रेम में समर्पित करने वाली निष्कपट भक्ति ,समर्पण और साधना की सर्वाेच्च प्रतीक शबरी मैया की प्रतीक्षा का फल केवल उन्हें ही नहीं मिला बल्कि स्वयं भगवान श्री राम को भी मिला। मनुष्य से मनुष्य का प्रेम ही सनातन संस्कृति की विशेषता है। उन्होने कहा कि समाज को भगवान राम से जातिगत भेदभाव खत्म करने की प्रेरणा भी लेनी चाहिए। उन्होने संबोधित करते हुए कहा कि देश एवं प्रदेश की सरकार निवेश , गरीब उन्मूलन , रोजगार, महिला सशक्तिकरण , शिक्षा , कुटीर एवं ग्रामोद्योगों आदि को बढावा देने के लिए लगातार नई नीतियो एवं योजनाओ के माध्यम से प्रयासरत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश को नदियों का मायका कहा जाता है, जहाँ 250 से अधिक नदियाँ प्रवाहित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्ष 2002 से 2023 के मध्य सिंचाई रकबे को 7.50 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 44 लाख हेक्टेयर किया गया है तथा विगत दो वर्षों में इसमें अतिरिक्त 10 लाख हेक्टेयर की वृद्धि की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने एवं खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा 30 लाख किसानों को सोलर पंप वितरित किए जाएंगे। साथ ही किसानों को आत्मनिर्भर बनाने हेतु मत्स्य पालन,पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन जैसे गतिविधियों के लिए प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए भी राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ उन्होंने कहा कि किसान नवाचारों को अपनाते हुए कृषि को लाभ का धंधा बनाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गीता भवन निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि इसके बन जाने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को लाइब्रेरी और कोचिंग जैसी शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल सिंचाई काम्पलेक्स की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इसके अंतर्गत सोन नदी पर चार माइक्रो सिंचाई परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। लगभग 2300 करोड़ रुपए की इस योजना से 50 हजार हेक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ेगा, जिससे 122 गांव को लाभ होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैतपुर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शहडोल मेडिकल कॉलेज में सीट वृद्धि के संबंध में विभाग से प्रस्ताव प्राप्त होने पर सीट वृद्धि की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहडोल जिले में 160 करोड रुपए लागत से 45 किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा तथा जैतपुर महाविद्यालय में कला और विज्ञान संकाय के भवन निर्माण की भी घोषणा की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नया महाविद्यालय आरंभ करने की भी घोषणा की। उन्होंने 3 किलोमीटर लंबे मॉडल रोड निर्माण पर भी सहमति प्रदान की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि माता बहनों के कल्याण के लिए पूरी सरकार समर्पित है इसीलिए लाडली बहना योजना सहित महिला सशक्तिकरण के लिए अनेकों योजनाएं बनाई गई है प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में लखपति दीदी योजना, लखपति ड्रोन दीदी योजना, रजिस्ट्री में माता बहनों को दो प्रतिशत की छूट दी जा रही है। लोकसभा विधानसभा में भी बहनों को आरक्षण मिलने वाला है। आने वाला समय माता-बहनों का है, हमारी संस्कृति बहनों के आधार पर ही पुष्पित पल्लवित होती रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश- प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। इसी का परिणाम है कि धनपुरी को मिनी ओलंपिक के मापदंड पर आधारित स्विमिंग पूल की सौगात मिली है। विधायक श्री जय सिंह मरावी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा क्षेत्र को दी जा रही सौगात के लिए उनका आभार माना। श्री मरावी ने क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों और जन अपेक्षाओं से अवगत कराया। नगर पालिका धनपुरी की अध्यक्ष श्रीमती रविंदर कौर छाबड़ा ने स्वागत भाषण दिया तथा नगर पालिका द्वारा निर्मित वाटर पार्क और अन्य संचालित गतिविधियों के संबंध में जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने धनपुरी वाटर पार्क का किया निरीक्षण, अत्याधुनिक सुविधाओं की ली जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल जिले की नगर पालिका धनपुरी द्वारा लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 10 एकड़ क्षेत्रफल में निर्मित अत्याधुनिक धनपुरी वाटर पार्क का निरीक्षण किया तथा यहां उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव को मुख्य नगर पालिका अधिकारी, धनपुरी द्वारा अवगत कराया गया कि धनपुरी वाटर पार्क क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। आमजन के मनोरंजन एवं सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वाटर पार्क में स्विमिंग पूल, एक्वा टॉवर, आधुनिक साउंड सिस्टम, रेस्टोरेंट, वाहन पार्किंग व्यवस्था, कॉन्फ्रेंस हॉल एवं बैंक्वेट हॉल जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इस अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल, अध्यक्ष नगर परिषद बुढार श्रीमती शालिनी सरावगी, अध्यक्ष नगर परिषद वकहो श्रीमती मौसमी केवट, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह,पुलिस अधीक्षक श्री राम जी श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Previous Post Next Post