मुख्यमंत्री के शहडोल आगमन पर कांग्रेस ने किया विरोध,हुई गिरफ्तारी
Junaid khan - शहडोल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के शहडोल आगमन के दौरान स्थानीय जन समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। यह विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में किया गया। जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री धनपुरी में वाटर पार्क के उद्घाटन हेतु शहडोल आ रहे हैं, लेकिन धनपुरी नगरपालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार पर शासन-प्रशासन द्वारा कोई सुध नहीं ली जा रही है। नगर पालिका में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है, जिससे आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि शहडोल जिले में कोयले का बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन एवं प्रतिदिन करोड़ों रुपये के अवैध कोयले का व्यापार हो रहा है। अवैध खदानों में कार्यरत श्रमिकों की जान तक जा रही है, किंतु शासन और प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। जिम्मेदार अधिकारी केवल अपने हिस्से के मुनाफे की चिंता कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि स्थानीय लोगों को रोजगार मे वरीयता प्रदान नहीं की जा रही, जिले में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। दूषित पेयजल की समस्या, गौ-तस्करी, अवैध रेत उत्खनन, कबाड़ का अवैध कारोबार, किसानों को खाद की गंभीर समस्या, जुआ एवं सट्टा जैसे अवैध धंधे अपने चरम पर हैं। जिम्मेदार अधिकारी कमीशन की पट्टी आंखों पर बांधकर जनता की समस्याओं से मुंह मोड़े बैठे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी ज्वलंत जन समस्याओं की ओर शासन का ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के शहडोल आगमन के दौरान कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि हमारे द्वारा किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर, पुलिस ने बर्बरतापूर्वक गिरफ्तारी की और थाने ले जाकर के अपराधियों जैसा बर्ताव किया, जो कि पुलिस प्रशासन के ऊपर सत्ता का आदेशात्मक दबाव प्रदर्शित करता है। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला द्वारा प्रदान की गई। कार्यक्रम मे मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष राजीव शर्मा,जिला मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष प्रभात पांडे, जिला उपाध्यक्ष अनुज मिश्रा, शोसल मीडिया जिलाध्यक्ष प्रितेश द्विवेदी, युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष सिराज खान, महेंद्र यादव, मोहम्मद साबिर, मोहम्मद शाहिद,हर्ष पाठक, मो•सागिर, मोहसिन अंसारी, समीर खान, बांकेबिहारी, अभिषेक सिंह, रजा हसन फागुलाल, श्रीमती यशोदा सिंह, विमल सिंह, रमाकांत, कृष्णकांत द्विवेदी, रामकृष्ण, सरसिया, कुंजबिहारी द्विवेदी, राजीव सिंह, इकबाल अहमद, अयोध्या प्रसाद राव, जवाहर राव, मोहम्मद हुसैन,जीवन केवठ, किशोरी रजक, अनिल जायसवाल, मतूल खान, सौरभ सिंह मन्नू , चंद्रकांत मिश्र, राजा लोनिया आदि सैकड़ो की संख्या मे काँग्रेसजन उपस्थित रहे।


