परिवार से नाराज़ युवक ने पानी की टंकी पर चढ़कर किया हंगामा, पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद संभाला मामला
Junaid khan - शहडोल। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वार्ड क्रमांक 3 विलियस नंबर-1 निवासी मो. गोलू ने शोले फिल्म के वीरू की तरह पानी की टंकी पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे इस युवक ने टंकी के ऊपर से कभी पानी में कूदने तो कभी नीचे छलांग लगाने की धमकी देकर इलाके में सनसनी फैला दी मो. गोलू हाल ही में अपनी मां और भाई पर कुल्हाड़ी लेकर हमला करने दौड़ा था, इसी के चलते परिवार के लोग उसकी हरकतों से परेशान होकर उसके हाथ-पांव रस्सी से बांधकर रखते थे। .मंगलवार को वह किसी तरह खुद को रस्सियों से मुक्त कराकर घर से भाग निकला और स्टेट हॉस्पिटल के पीछे स्थित पानी की टंकी पर जा चढ़ा। परिवार द्वारा हाथ-पांव बांधने से नाराज गोलू ऊपर चढ़कर लगातार हंगामा करता रहा और तरह-तरह की मांगें करता रहा। मामले की सूचना मिलते ही धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे,पुलिस ने उसे समझाने-बुझाने के लिए हर संभव प्रयास किए। कभी बातचीत तो कभी प्रलोभन देकर नीचे उतरने की कोशिश की गई, लेकिन युवक टंकी में भरे पानी में कूदने और ऊपर से छलांग लगाने की धमकी देता रहा। रेस्क्यू के प्रयासों में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन वह काफी देर तक टस से मस नहीं हुआ,इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और यह नजारा कौतूहल का विषय बना रहा। गौरतलब है कि इससे पहले 17 जनवरी को भी मो. गोलू इसी तरह पास के मोनाली टावर पर चढ़ गया था और 100 रुपये की मांग कर रहा था। तब थाना प्रभारी ने सूझबूझ दिखाते हुए 100 रुपये देकर उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया था।
