अमृत योजना के तहत सभी पेयजल आपूर्ति योजनाएं समय-सीमा में पूर्ण कराएं- आयुक्त
Junaid Khan - शहडोल। 24 फरवरी 2026- आयुक्त शहडोल संभाग श्रीमती सुरभि गुप्ता ने संभाग के विभिन्न नगरीय निकायों में अमृत योजना 2.0 के तहत बनाई जा रहीं नल जल योजनाओं, पाईप लाईन विस्तार तथा घर-घर नल कनेक्शन के प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन पेयजल योजनाओं का कार्य प्रगति पर है उनको पूरा करने के लिए साप्ताहिक कार्य योजना बनाकर अमल में लाएं तथा जो योजनाएं विभिन्न कारणों से शुरू नहीं हो पाई हैं। उन समस्याओं का निराकरण संबंधित कलेक्टर के माध्यम से कराकर शीघ्र प्रारंभ कराएं। आपने निर्देश दिए कि ठेकेदारों का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। जो ठेकेदार काम में रूचि नहीं ले रहे हैं। उनके ऊपर पैनाल्टी लगाई जाए तथा काम बरखास्त करने की कार्यवाही की जाए। बैठक में संयुक्त संचालक नगरीय निकाय श्री आरपी मिश्रा, कार्यपालन यंत्री सहित नगरीय निकायों के उपयंत्री उपस्थित रहे। आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगरीय निकायों में वाटर बाडी बनाने के कार्य 15 मार्च तक पूरे कर लिए जाएं। इसी तरह जिन निकायों में अमृत पार्क बनाए जा रहे हैं वे कार्य भी समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने नगरीय निकायों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए लिगेसी वेस्ट मैनेजमेन्ट सिस्टम को सक्रिय करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से शहडोल नगरपालिका में कचरा प्रबंधन के तहत लगाए जाने वाले प्लांट के प्रगति की समीक्षा की। उन्होने कहा कि आमजन को पृथक-पृथक कचरा संग्रहण के संबंध में जागरूक किया जाए। शहडोल नगर की सीवरेज लाईन के प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि मार्च माह तक कार्य पूरा कराया जाए तथा ठेकेदार पर पैनाल्टी लगाई जाए। कमिश्नर ने प्रधानमंत्री आवास 2.0 के तहत डीपीआर बनाने का कार्य शीघ्र पूरा कर सत्यापन की कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र हितग्राही का आवास बिना पर्याप्त कारण के निरस्त नहीं किया जाए। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रगति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।
