अधिकतम लोगों तक पहुंचे विधिक सेवा का लाभ: सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव

राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा, जागरूकता बढ़ाने और नि:शुल्क सेवाओं के व्यापक प्रचार के निर्देश 


Junaid khan - शहडोल। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव के शहडोल प्रवास के दौरान जिला न्यायालय परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में विधिक सेवाओं को आमजन तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी सफल होगा, जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और परामर्श की सुविधा सरलता से उपलब्ध हो सके। बैठक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। सदस्य सचिव ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों का चिन्हांकन कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर बल दिया। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल तथा पैरालीगल वालंटियर्स की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की। नालसा एवं सालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, कानूनी जागरूकता शिविरों के नियमित आयोजन और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सदस्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक थाना, पंचायत एवं सार्वजनिक स्थलों पर विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की जाए तथा नि:शुल्क हेल्पलाइन नंबर 15100 का व्यापक प्रचार किया जाए, ताकि जरूरतमंद व्यक्ति बिना झिझक सहायता प्राप्त कर सके। प्रवास के दौरान वर्ष 2026 के लिए तैयार कैलेंडर एवं डायरी का विमोचन भी किया गया। जिला न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

इसके अतिरिक्त वृद्धाश्रम में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण एवं विधिक जागरूकता शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों की जानकारी दी गई और आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं प्राधिकरण के सदस्यों की उपस्थिति रही। सदस्य सचिव ने अंत में कहा कि न्याय केवल अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के हर वर्ग तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए विधिक सेवा संस्थाओं को और अधिक सक्रिय, संवेदनशील एवं जवाबदेह बनना होगा।

Previous Post Next Post