चोरों को रोकना पड़ा महंगा: खदान में तैनात CISF जवान पर चाकू से हमला, बाल-बाल बची जान
Junaid khan - शहडोल। जिले के खैरहा थाना क्षेत्र स्थित एक भूमिगत खदान में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर तैनात CISF के एक जवान पर अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। जवान की सतर्कता से संभावित बड़ी चोरी टल गई, लेकिन बदमाशों ने उसे घायल कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, CISF में पदस्थ जवान अभिलाष पंत (34) देर रात खदान परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। नियमित पेट्रोलिंग के दौरान उन्होंने देखा कि छह से अधिक संदिग्ध लोग खदान क्षेत्र में संदिग्ध स्थिति में घूम रहे हैं। स्थिति को भांपते हुए जवान ने अपने एक साथी के साथ आगे बढ़कर उन्हें रोकने की कोशिश की। बताया जाता है कि रोकटोक से बौखलाए बदमाशों ने पहले जवान को धमकाया और पास आने पर जान से मारने की चेतावनी दी। इसके बावजूद जवान ने हिम्मत नहीं हारी और संदिग्धों को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बदमाश ने हाथ में रखे चाकू से जवान के हाथ पर वार कर दिया। संख्या में अधिक होने का फायदा उठाकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल जवान को उसके साथियों द्वारा तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। थाना प्रभारी उमा शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और घायल करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इस हमले ने खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं जवान की बहादुरी की क्षेत्र में सराहना भी हो रही है।
