वृद्धाश्रम कल्याणपुर में आयोजित किया गया मेडिकल कैम्प एवं विधिक जागरूकता शिविर

वृद्धाश्रम कल्याणपुर में आयोजित किया गया मेडिकल कैम्प एवं विधिक जागरूकता शिविर 


Junaid khan - शहडोल। 21 फरवरी 2026- सदस्य सचिव म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री सुमन श्रीवास्तव एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री के0एन0सिंह की उपस्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संभागीय मुख्यालय शहडोल के कल्याणपुर स्थित वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से निःशुल्क चिकित्सकीय जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धाश्रम में निवासरत 8 वृद्धजनों एवं क्षेत्रीय 24 अन्य वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार उपरांत निःशुल्क दवाईयों का वितरण किया गया। इस अवसर पर वृद्धजनों को फल एवं अन्य खाद्य साम्रगियां भी वितरित की गईं। कार्यक्रम में वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य एवं पोषण आहार के संबंध में जानकारी ली गई। 

शिविर में नालसा वरिष्ठ नागरिक योजना 2016 व माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम 2007 की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में कार्यरत पैरालीगल वॉलेंटियर्स के माध्यम से उक्त योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र व योग्य वृद्धजनों को अधिक से अधिक संख्या में जागरूक कर वृद्धाश्रम में उनके पुर्नवास के संबंध में व्यापक प्रयास किये जाने के निर्देश दिए गये। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री देवेन्द्र सिंह परस्ते, चीफ डिफेंस काउंसिल श्री कुंज बिहारी द्विवेदी, असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल सुश्री अंकिता सिंह एवं जिला चिकित्सालय से डॉ. किशोर सिंह एवं नर्सिंग स्टाफ व वृद्धाश्रम एवं प्राधिकरण कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post